यूपी गेट पर युवाओं ने संभाली आंदोलन की कमान
साहिबाबाद। कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के आह्वान पर शुक्रवार को यूपी गेट पर आंदोलन की कमान पूरी तरह युवा शक्ति के हाथों में रही। सुबह 11 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर की युवती हरसरनजीत कौर व जितेंद्र सिंह जीतू आंदोलन की अगुवाई की। युवा और बुजुर्ग किसानों ने सुबह आठ बजे से अगले 24 घंटे का अनशन किया। वहीं परिवर्तन संघ के छात्र -छात्राओं ने गीत गाकर आंदोलन को समर्थन दिया उधर, गाजीपुर किसान आंदोलन कमेटी शनिवार को राकेश टिकैत की पांच वीडियो को अंग्रेजी अनुवाद के साथ लांच करेगी।
गाजीपुर किसान आंदोलन कमेटी के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा ने बताया कि किसान आंदोलन में संयुक्त किसान मोर्चा ने तय किया था कि 26 फरवरी को सभी बॉर्डर पर युवा किसान दिवस मनाएंगे। इसी क्रम में युवाओं ने सुबह आठ बजे से ही आंदोलन की कमान संभाल ली। रोहतक के बड़ेहड़ी गांव में रहने वाले किसान दलबीर ने बताया कि किसानों के समर्थन में रोहतक से 40 महिलाएं और 20 बुजुर्ग किसान यूपी गेट पहुंचे। उन सभी ने मंच के पास बैठकर किसानों के विचारों को सुना।इस दौरान भाकियू युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत और जगतार सिंह बाजवा व मलूक सिंह खिंड़ा, चौ. होशियार सिंह व अन्य किसान पदाधिकारियों ने समर्थन देने वाले किसानों का आभार व्यक्त किया।
रोहतक से मसाल लेकर पहुंचे यूपी गेट
रोहतक के रहने वाले रामराजी ने बताया कि हरियाणा के रोहतक से बुजुर्ग किसान मशाल लेकर पैदल ही यूपी गेट पहुंचे हैं। इनमें योगेंद्र शास्त्री, हंसराज- दुबलधन, राजपाल- दूबलधन, राजकुमार-गोच्छी, गुरविंदर सिंह-पंजाब, राजबीर गुलिया-पंजाब, बाबा-पहाड़ीपुर व मंजीत गोयल-कला शामिल रहे। जो बृहस्पतिवार दोपहर रोहतक से पैदल चले और शुक्रवार को यूपी गेट पहुंच गए। इनके हाथ में जली हुई मशाल व तिरंगे के अलावा भाकियू का झंडा भी था। इन सभी का गौरव टिकैत और अन्य किसान पदाधिकारियों ने अभिवादन किया।
कश्मीर से कन्याकुमारी तक होगा किसानों के लिए साइकिल मार्च
उत्तराखंड के रहने वाले अवतार सिंह ने बताया कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसान पिछले 92 दिनों से आंदोलन पर बैठे हैं। लेकिन सरकार इनकी मांगों को सुनने को तैयार नहीं है। ऐसे में वह भी किसानों का समर्थन करने के लिए सांकेतिक तरीके से किसानों के लिए साइकिल मार्च करेंगे। जो 12 मार्च से कश्मीर से कन्याकुमारी तक संपन्न होगी।