मसूरी में बच्ची से दरिंदगी की कोशिश
गाजियाबाद। सिहानी गेट थानाक्षेत्र में दोस्त की चार वर्षीय बेटी के साथ दरिंदगी का मामला अभी जेहन से उतरा नहीं कि अब मसूरी क्षेत्र में ऐसी ही घटना सामने आई है। थानाक्षेत्र के एक गांव में संप्रदाय विशेष के किशोर (16) ने गांव की ही सात वर्षीय बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म की कोशिश की। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश, पॉक्सो एक्ट और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाले व्यक्ति का कहना है कि बृहस्पतिवार को उनकी 7 वर्षीय बेटी घर के बाहर गली में खेल रही थी। इसी दौरान गांव में ही रहने वाला किशोर उनकी बेटी को अगवा कर खंडहरनुमा मकान में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उनकी बेटी से मारपीट करते हुए हत्या की धमकी दी। बेटी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया। लोगों ने धुनाई के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। मसूरी एसएचओ राघवेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी किशोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
घटना के बाद से डरी-सहमी है पीड़िता
बताया गया कि जिस समय आरोपी किशोर पीड़िता को फुसलाकर ले गया था, उस समय वह घर के बाहर खेल रही थी। पड़ोसी होने के नाते किशोर पर विश्वास करके वह उसके साथ चली गई, लेकिन रास्ते में आरोपी की हरकतें देख पीड़िता उसके मंसूबे भांप गई। वह वापस आने लगी तो आरोपी उसे जबरन खींचकर खंडहरनुमा मकान में ले गया। घटना के बाद से पीड़िता डरी-सहमी हुई है।
दो संप्रदायों का मामला होने से गांव में तनाव
पीड़िता अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखती है, जबकि आरोपी संप्रदाय विशेष से है। दो संप्रदायों का मामला होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति है। एहतियात के तौर पर पुलिस द्वारा ग्रामीणों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश, पोक्सो एक्ट और एससीएसटी के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को सजा दिलाने में मजबूत पैरवी की जाएगी।