मुआवजे के लिए भाकियू भानु ने किया कलक्ट्रेट का घेराव
गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन भानु के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को गेल इंडिया गैस पाइपलाइन व दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से प्रभावित किसानों ने कलक्ट्रेट का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर पहुंचे किसान डीएम से बातचीत को लेकर चार घंटे तक अड़े रहे। बाद में जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को मुआवजा सहित दूसरी मांगों पर बातचीत का लिखित आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने धरना खत्म किया।
गेल इंडिया गैस पाइपलाइन से प्रभावित व दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे में उचित मुआवजा न मिलने को लेकर कई दिन से विरोध कर रहे किसान बृहस्पतिवार को भारी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने कलक्ट्रेट गेट पर बैरीकेडिंग लगाकर किसानों को अंदर जाने से रोका। किसान जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन को लेकर अंदर जाने की मांग करते रहे। लगभग एक घंटे तक कलक्ट्रेट गेट पर डटे रहे। मौके पर पहुंचे एसडीएम व एडीएम सिटी ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। किसानों ने उनसे बातचीत करने और ज्ञापन देने से मना कर दिया। किसान जिलाधिकारी को बातचीत के लिए बुलाने की मांग करते रहे। इस दौरान किसानों की अधिकारियों के साथ नोकझोंक भी हुई। किसान काफी देर तक गेट पर ही नारेबाजी करते रहे। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसान कलेक्ट्रेट परिसर स्थित धरना स्थल पर बैठ गए।
इस मौके पर मनीष नागर, बॉबी त्यागी, प्रदीप, आनंद वर्मा, दीपक शर्मा, विपिन शर्मा, पन्ना यादव, अजय पाल, कमल प्रसाद पांडे, कल्लू यादव, जितेंद्र शर्मा, प्रेमवीर, सत्यपाल यादव आदि मौजूद रहे।