फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद: टैबलेट नहीं मिलने से नाराज छात्राओं ने किया हंगामा, हिजाब से जोड़ा गया मामला, जानिए पूरा विवाद

Tue, 03 May 2022 05:06 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद
विज्ञापन
प्रदर्शन करती छात्राएं - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मोदीनगर में दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित गिन्नी देवी मोदी गर्ल्स पीजी कॉलेज की कुछ छात्राओं ने सोमवार को टैबलेट नहीं मिलने पर कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग पर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। कॉलेज प्रशासन की कुछ छात्राएं कॉलेज की निर्धारित यूनिफार्म में नहीं थी। छात्राओं ने मुख्य मार्ग को जाम करने का भी प्रयास किया। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने आक्रोशित छात्राओं को समझाकर शांत कराया। पुलिस को इस प्रकरण में कोई तहरीर नहीं मिली है।

विज्ञापन


सूबे की योगी सरकार की ओर से स्नातक और परास्नातक छात्र-छात्राओं को कॉलेज के माध्यम से स्मार्टफोन व टैबलेट वितरित किए जा रहें है। नगर के दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित गिन्नी देवी मोदी गर्ल्स पीजी कॉलेज में सोमवार को कुल 69 छात्राओं को टैबलेट देने का कार्यक्रम था। कॉलेज प्रशासन की ओर से कार्यक्रम में निर्धारित यूनिफॉर्म में आने का निर्देश जारी किया गया था। बताया गया कि यूनिफॉर्म में पहुंची 55 छात्राओं को टैबलेट दे दिए गए। कुछ छात्राएं निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं पहुंचीं, जिन्हें टैबलेट नहीं दिया गया। टैबलेट से वंचित छात्राएं इस बात से भड़क गईं और प्राचार्या प्रोफेसर वंदना शर्मा से इस बात की नाराजगी जाहिर की।

प्राचार्या ने छात्राओं से निर्धारित यूनिफॉर्म में आने के लिए कहा है। इससे छात्राओं में गुस्सा फूट पड़ा। वह हंगामा करते हुए मुख्य मार्ग पर आ गईं और कॉलेज के सामने मुर्दाबाद के नारे लगाने लगीं। कॉलेज प्राचार्या प्रोफेसर वंदना शर्मा का कहना है कि बिना यूनिफॉर्म में पहुंची छात्राओं को टैबलेट नहीं दिया गया। इसे लेकर कुछ छात्राओं ने आपत्ति दर्ज कराई। सीओ सुनील कुमार सिंह का कहना है कि कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग पर कुछ छात्राओं के हंगामे की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर जाकर उन्हें शांत कराया।

वीडियो हुआ वायरल, मामले को हिजाब से जोड़ा

गिन्नी देवी मोदी गर्ल्स पीजी कॉलेज की नाराज छात्राओं द्वारा सोमवार को कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने दिल्ली-मेरठ मार्ग पर हंगामा और नारेबाजी की किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी तीस सेकेंड की वीडियो में छात्राएं प्राचार्या के खिलाफ नारेबाजी कर रही हैं। इस दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात भी बाधित हो रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कुछ लोगों ने मामले को हिजाब से भी जोड़ने का प्रयास किया। वहीं सीओ सुनील कुमार सिंह ने ऐसी किसी घटना से इंकार किया। उन्होंने कहा कि मामला कॉलेज में टैबलेट वितरण के दौरान छात्राओं को निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं पहुंचने का था।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें