संयुक्त अस्पताल : आज से अल्ट्रासाउंड और दांतों का इलाज बंद
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। संयुक्त अस्पताल से डॉक्टरों का तबादला होने के बाद अब मरीजों की परेशानी और बढ़ गई है। सोमवार को सिर्फ एक घंटे तक मरीजों का अल्ट्रासाउंड हुआ। अस्पताल में जांच कराने के लिए आए मरीजों को वापस लौटना पड़ा। मंगलवार से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच और दांतों का इलाज बंद हो जाएगा। संयुक्त अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. महेंद्र कुमार और डेंटिस्ट डॉ. राजेश का तबादला हो गया है।
सोमवार को रेडियोलॉजिस्ट डॉॅ. महेंद्र सुबह लगभग एक घंटे तक अस्पताल में रहे और मरीजों के अल्ट्रासाउंड भी किए, लेकिन 11 बजे वह चले गए, जिसके बाद मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो सके। 30 से ज्यादा मरीजों को बिना अल्ट्रासाउंड के ही लौटना पड़ा। अब मंगलवार को उनका अल्ट्रासाउंड होगा इस बारे में कहा नहीं जा सकता।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद चंद्र पांडेय का कहना है कि अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. महेंद्र कुमार का तबादला हो गया है। उनके स्थान पर अभी किसी की नियुक्ति नहीं की गई है। वह सुबह अस्पताल में थे। एक घंटे मरीजों का अल्ट्रासाउंड करने के बाद वह कोर्ट चले गए। मरीजों को एमएमजी रेफर किया जाएगा।