नहीं मिले इलाज करने वाले, कोरोना संक्रमित बच्ची को किया रेफर
- पीकू और नीकू वार्ड में मॉकड्रिल में मिली थी शाबासी
- शनिवार को मिले 34 संक्रमित
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। संयुक्त अस्पताल में बेड रिजर्व होने और कोरोना संक्रमित बच्चों के बेहतर इलाज का दावा करने के लिए पीकू और नीकू वार्ड बनाए जाने के बावजूद कोरोना संक्रमित 13 वर्षीय किशोरी को इलाज नहीं मिला। भर्ती करने के दो घंटे के अंदर ही दिल्ली रेफर कर दिया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार बच्ची की तबीयत बिगड़ रही थी और उसके उपचार के संसाधन अस्पताल में नहीं थे, इसलिए रेफर किया गया। बच्ची के भर्ती होने के कुछ देर बाद उसे उल्टी होने लगी थी और हालत खराब होती जा रही थी। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बाद पांच बार हुई मॉकड्रिल में हर बार बेहतर व्यवस्था का दावा किया गया था।
शुक्रवार की शाम 13 वर्षीय किशोरी को संयुक्त अस्पताल में भर्ती किया गया था। रात में ही उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। किशोरी को पांच दिन से बुखार होने के साथ ही गले में खराश और शरीर में दर्द हो रहा था। जांच में पुष्टि होने के बाद परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में कार्यरत फिजिशियन डॉ. आरसी गुप्ता अवकाश पर चल रहे हैं। कोरोना वार्ड में भर्ती होने के बाद बच्ची को देखने वाला भी कोई नहीं था। इसलिए परिजनों ने रेफर कर लिया, वहीं अस्पताल के सीएमएस डॉ. विनोद चंद्र पांडेय का कहना था कि परिजन दिल्ली ले जाना चाहते थे, इसलिए रेफर कराकर ले गए।
एक सप्ताह पहले हो चुकी है किशोर की मौत
मोदीनगर निवासी 15 वर्षीय किशोर की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। किशोर को जिले में इलाज नहीं मिला तो परिजनों ने मेरठ के सुभारती कालेज में ले जाकर भर्ती कराया था।
भर्ती और रेफर होने की नहीं थी अधिकारियों का जानकारी
कोरोना अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील कुमार त्यागी का कहना था कि उनका तबादला हो गया है, मामला जानकारी में नहीं है। वहीं जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता का कहना था कि बच्ची के भर्ती होने के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। वहीं सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार का कहना है कि सीएमएस से जानकारी मांगी जाएगी कि वार्ड रिजर्व होने के बावजूद मरीज को रेफर क्यों कर दिया गया।
34 मिले नए संक्रमित, 48 डिस्चार्ज
शुक्रवार को हुई 4506 लोगों की जांच में 34 नए संक्रमित मिले हैं। इलाज के बाद 48 लोग स्वस्थ हुए हैं। इस समय जिले में 241 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। शनिवार को जारी कोविड रिपोर्ट के अनुसार 9 और 11 साल के दो बच्चे, 21 से 40 वर्ष के 17 मरीज, 41 से 60 आयु वर्ग के 10 और साठ वर्ष से अधिक उम्र के पांच बुजुर्ग संक्रमित हुए हैं।