श्रमजीवी, महानंदा समेत आठ ट्रेनों का संचालन ठप
गाजियाबाद। अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार में चल रहे आंदोलन और ट्रेनों को क्षतिग्रस्त करने के मामले को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बिहार होकर पूर्वी राज्यों को जाने वाली छह ट्रेनों को रद्द कर दिया है। शनिवार को कई यात्री स्टेशन पहुंचे और जानकारी के बाद वापस लौट गए।
गाजियाबाद स्टेशन से होकर चलने वाली वाले श्रमजीवी एक्सप्रेस, मालदा टाउन एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, सीमांत एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस व फरक्का एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन ट्रेनों में चार महीने पहले से यात्रियों ने टिकट बुक करा रखे हैं। गर्मियों की छुट्टी में अधिकांश परिवारों ने पैतृक घर जाने के लिए तैयारी कर रखी थी।
परेशान हुए यात्री
गोविंदपुरम निवासी मोहित ने बताया कि उन्होंने श्रमजीवी एक्सप्रेस में चार सीटें पटना जाने के लिए बुक कराई थीं। कल उन्हें पहुंचना था। सुबह ट्रेन रद्द होने का मेसेज मिला। अब कौन सी ट्रेन से जाएं समझ में नहीं आ रहा है। कविनगर निवासी विकास ने बताया कि उन्हें बिहार होकर हावड़ा जाना है। उन्होंने फरक्का एक्सप्रेस में दो महीने पहले पांच सीट बुक कराई थीं। उन्हें पारिवारिक समारोह में सोमवार को शामिल होना था। ट्रेन रद्द होने की सूचना से परेशान हैं। पंचवटी निवासी शुभम ने बताया कि उन्हें महानंदा से बेगू सराया जाना था। टिकट एक महीने पहले निकाला था। अब पता चला कि ट्रेन रद्द हो गई है। अब सामान लेकर वापस जाना पड़ रहा है।
अलर्ट मोड में आरपीएफ और जीआरपी
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। आरपीएफ जीआरपी के जवान स्टेशन परिसर और पटरियों के आसपास तैनात किए गए हैं। प्रदर्शनकारी स्टेशन की ओर न आ सकें, इसके लिए सभी गेटों पर जवान तैनात हैं। चेकिंग के बाद यात्रियों स्टेशन पर प्रवेश मिल रहा है। स्टेशन के अलावा कोटगांव फाटक, गौशाला फाटक अर्थला, संवदेनशील स्थानों पर भी जवान तैनात हैं।