विजयनगर में अतिक्रमण हटाने गए अधिकारी-पार्षद को दी जान से मारने की धमकी
गाजियाबाद। सीएम के आदेश के बावजूद नगर निगम अधिकारी अतिक्रमण नहीं हटा पा रहे हैं। बृहस्पतिवार को विजयनगर क्षेत्र की शिवपुरी कॉलोनी में नाले से अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध कर दिया। आरोप है कि कॉलोनी में रहने वाले एक पुलिसकर्मी ने जोनल अधिकारी रामबली पाल और पार्षद विकास खारी को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद टीम बिना कार्रवाई किए लौट गई और पार्षद ने धमकी देने के आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ तहरीर दी है।
बृहस्पतिवार को नगर निगम के जोनल प्रभारी ने विजयनगर के लेबर चौक से ए-ब्लॉक और शिवपुरी से टेंपो स्टैंड तक नाले के ऊपर से अतिक्रमण हटाने के लिए कार्यक्रम तय कर रखा था। सुबह करीब 11 बजे जोनल प्रभारी रामबली पाल, प्रवर्तन दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। कांग्रेस के क्षेत्रीय पार्षद विकास खारी भी साथ में थे। उन्होंने बताया कि ए-ब्लॉक में कार्रवाई कर जैसे ही टीम शिवपुरी पहुंची और दो तीन मकानों के बाहर से अतिक्रमण हटाया तो भीड़ इकट्ठा हो गई। उन्होंने बताया कि हरेंद्र नाम व्यक्ति आया और निगम के अधिकारियों को गाली देने लगा। उसने भी सरकारी नाले के ऊपर अतिक्रमण कर रखा है। पार्षद का कहना है कि गाली देने का विरोध किया तो उसे धमकी देते हुए कहा कि ‘विजय नगर में या तो तू रहेगा या मैं रहूंगा’। वह पुलिसकर्मी बताया गया है। पार्षद का कहना है कि उसके जान से मारने की धमकी देने का वीडियो भी मौजूद हैं। हंगामे के चलते अतिक्रमण अभियान रोक दिया गया। उन्होंने जान से मारने की धमकी देने वाले के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। वहीं, जोनल प्रभारी रामबली पाल का कहना है कि पूरा मामला नगर आयुक्त के संज्ञान में लाया जाएगा, उनके निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।