जुर्माना लगा तो मैनहोल मरम्मत का काम हुआ शुरू
गाजियाबाद। नगर निगम अधिकारियों ने 15.75 लाख का जुर्माना लगाया तो सीवर मेंटेनेंस करने वाली कंपनी वीए टेक वबाग ने मैनहोल मरम्मत कराने का काम शुरू कराया। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने जलकल विभाग और वबाग कंपनी के अधिकारियों की बैठक लेकर मैनहोल को ढकवाने और सीवर लाइनों को साफ कराने के कड़े निर्देश दिए। कंपनी के पदाधिकारियों ने दावा किया कि बीते दो माह में शहर में 449 मैनहोल की मरम्मत कराई गई है।
वबाग कंपनी के परियोजना प्रबंधक रजनीश सिंह ने जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी को मैनहोल रिपेयर कराने की रिपोर्ट भी सौंपी है। नगर आयुक्त ने कंपनी पदाधिकारियों को सीवर लाइनों की डी-सिल्टिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के दिनों में लोगों को सीवर ओवरफ्लो होने की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने वार्डों के लोगों से अपील की है कि मैनहोल खुला या टूटा होने पर नगर निगम के कंट्रोल रूम को सूचित करें, निर्धारित अवधि में उसे रिपेयर कराया जाएगा।
जोन रिपेयर कराए गए मैनहोल
वसुंधरा जोन में 78
विजयनगर जोन में 73
मोहननगर जोन में 31
कविनगर जोन में 68
सिटी जोन में 199