रैपिड रेल में एक प्रीमियम, एक महिला व चार होंगे स्टैंडर्ड कोच
गाजियाबाद। गुजरात के सावली स्थित बंबारडियर प्लांट में रैपिड रेल का पहला छह कोच का सेट तैयार हो गया है। प्लांट में होने वाले कार्यक्रम में सेट सात मई को एनसीआरटीसी को सौंपा जाएगा। रैपिड के साहिबाबाद से दुहाई 17 किमी प्राथमिकता खंड में आधुनिक सुविधाओं से युक्त छह कोच की रेल मार्च 2023 में दौड़ेगी। ट्रेन में एक प्रीमियम, एक महिला और चार स्टैंडर्ड कोच होंगे।
प्रीमियम कोच में कुर्सियों को घुमाने की सुविधा यात्रियों को मिलेगी। कोच में खड़े होने के लिए अधिक स्थान, सामान रखने के लिए लगेज रैक के साथ मोबाइल और लैपटॉप चार्ज करने की सुविधा होगी। कोच में ऑटो कंट्रोल एम्बियंट लाइटिंग सिस्टम का इस्तेमाल होगा। इससे बाहर रोशनी कम या ज्यादा होने पर ऑटोमैटिक तरीके से कोच के अंदर की बिजली बढ़ने व घटने लगेगी। प्रीमियम कोच का किराया स्टैंडर्ड से अधिक होगा। किराए पर एनसीआरटीसी में मंथन जारी है।
कोच को अधिकतम रफ्तार 180 किमी प्रति घंटे, जबकि ऑपरेशनल गति 100 से 160 किमी प्रति घंटा होगी। औसत गति के मामले में रैपिड ट्रेन देश में सबसे ज्यादा गति वाली ट्रेन होगी। सात मई को गुजरात के प्लांट में एनसीआरटीसी को पहला रेल सेट मिलने के बाद हर कोच को अलग-अलग बड़े ट्रेलर रखकर लाया जाएगा।
----
रैपिड रेल के कोच में होगी ये सुविधाएं:
- कोच में यात्रियों के खड़े होने व सामान रखने पर्याप्त जगह होगी, होंगी रैक
- हर सीट पर मोबाइल व लैपटॉप चार्जिंग सॉकेट और वाई-फाई की सुविधा
- दिव्यांगों के लिए दरवाजों के पास व्हीलचेयर की जगह व स्ट्रेचर ले जाने का प्रावधान
- कोट टांगने के लिए हुक, मैगजीन होल्डर भी होगा
- बाहर रोशनी के अनुसार केबिन में खुद नियंत्रित होगी प्रकाश की व्यवस्था
- ब्रेकिंग सिस्टम के जरिए पैदा होने वाली ऊर्जा का होगा इस्तेमाल
- ट्रेन में स्वचालित ट्रेन संचालन प्रणाली का होगा इस्तेमाल
- प्रीमीयम कोच में सीट को फैलाने (रिक्लाइन) की सुविधा, सीटों में भी होंगे हैंडल
------