हिजाब से मतलब नहीं, यूनिफॉर्म में आने पर ही मिलेगा कॉलेज में प्रवेश
मोदीनगर। गिन्नी देवी मोदी गर्ल्स पीजी कॉलेज की हंगामा करती छात्राओं का वीडियो वायरल होने के बाद प्राचार्या वंदना शर्मा ने मंगलवार को कहा कि मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है। इस मामले का हिजाब से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने सफाई दी कि छात्राओं को हिजाब के कारण नहीं रोका गया था। वे कॉलेज यूनिफॉर्म में नहीं थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेज में प्रवेश उसी छात्रा को मिलेगा जो यूनिफॉर्म पहनकर आएंगी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर उनका यह बयान जारी किया। साथ ही छात्राओं के घर जाकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली।
कॉलेज में सोमवार को टैबलेट का वितरण किया गया था। 69 को बांटे जाने थे, 60 को दिए गए। नौ छात्राओं को बगैर टैबलेट दिए कॉलेज से लौटा दिया गया। इनका ही वीडियो वायरल हुआ। इसमें ये कह रही हैं कि हिजाब में होने के कारण उन्हें कॉलेज में प्रवेश नहीं दिया गया। मंगलवार को पुलिस हरकत में आई। पता चला कि छात्राएं मुरादनगर की रहने वाली हैं। पुलिस की एक टीम उनके घर पहुंची। उनसे पूछा कि मामला हिजाब का है या कोई और बात है। परिजनों ने पुलिस से कहा कि प्राचार्या से बात हो गई है। वे कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। इस पर पुलिस लौट गई। उधर, पुलिस की जांच में आया है कि कुछ ही लोगों ने इस वीडियो को बहुत ज्यादा साझा किया है। पुलिस इन लोगों के बारे में पड़ताल कर रही है।
छात्राओं ने कहा, मामला हिजाब का ही है
वायरल वीडियो में छात्राएं कह रही हैं कि उन्हें टैबलेट इसलिए नहीं मिला, क्योंकि वे हिजाब में थीं। प्राचार्या से बात की तो उन्होंने कहा कि हिजाब में आई छात्राओं से उन्हें कोई बात ही नहीं करनी है। इसके बाद उन्हें कॉलेज से घर जाने के लिए कहा गया। हालांकि, इनमें से दो छात्राओं ने पुलिस से कहा कि प्राचार्या ने चार दिन में टैबलेट देने की बात कही है। चार दिन के बाद ही वे कुछ कहेंगी।
वंचित छात्राओं को भी मिलेंगे टैबलेट
जाति-धर्म का भेद समाप्त करने के लिए ही यूनिफॉर्म होती है। कॉलेज की विवरणिका में निर्धारित यूनिफॉर्म में आने के लिए लिखा हुआ है। हिजाब जैसी कोई बात नहीं है। छात्राएं निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं थी। तिथि का नोटिस जारी कर बाकी छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे। - वंदना शर्मा, प्राचार्या, गिन्नी देवी मोदी गर्ल्स पीजी कॉलेज
सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर
टैबलेट वितरण के दौरान यूनिफार्म को लेकर कॉलेज में विवाद का मामला सामने आया था। हिजाब जैसी कोई शिकायत नहीं मिली। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुई है। जिनकी जांच साइबर सेल कर रहा है। अभी इस प्रकरण में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। - सुनील कुमार सिंह, सीओ मोदीनगर