पुलिस लाइन से महज 500 मीटर की दूरी पर 25 लाख की लूट
गाजियाबाद। पुलिस लाइन से महज 500 मीटर की दूरी पर अध्यात्मिक नगर में बाइकर्स गैंग के तीन बदमाशों ने सोमवार दोपहर करीब सवा बजे पेट्रोल पंप कर्मचारियों से 25 लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया। कर्मचारियों ने विरोध किया तो उन पर पर पिस्टल से गोली चला दी। गोलियां कर्मचारियों के बिल्कुल बराबर से निकलते ह?ुए सड़क पर जा धंसी। हेलमेट पहनकर दो बाइक से आए बदमाश दो मिनट में लूट करने के बाद पिस्टल लहराते हुए भाग निकले। लूट का शिकार हुए पंप कर्मियों के पीछे चल रहे उनके दो साथियों में से एक ने पूरे घटनाक्त्रस्म का मोबाइल से वीडियो बना लिया।
वारदात के तुरंत बाद सूचना मिल जाने पर भी पुलिस घेराबंदी करके उन्हें पकड़ना तो दूर उनका कोई सुराग तक नहीं लगा पाई। अब इसकी मदद से पुलिस लुटेरों की पहचान की कोशिश कर रही है। भागते हुए बदमाश कई जगह सीसीटीवी की फुटेज में भी नजर आए हैं। फुटेज से ही साफ हुआ है कि बदमाश पूरी तैयारी करके आए थे। वे अध्यात्मिक नगर में ही स्थित अरिहंत पेट्रोल पंप से कैश लेकर चले कर्मचारियों का पीछा करते हुए आए। कैश को एचडीएफसी बैंक की शाखा में जमा कराने के लिए सेल्स मैनेजर पप्पू और सनी लेकर बाइक से जा रहे थे। पेट्रोप पंप के दो और कर्मचारी ऋषभ और रितेश त्यागी दूसरी बाइक पर पीछे चल रहे थे। दो बदमाशों ने पप्पू और सनी के आगे बाइक लगाई और पिस्टल निकाल ली।
पप्पू ने बताया, वह बाइक चला रहा था, बैग सनी के पास था। डासना फ्लाईओवर को पार करते ही दो बाइक पर आए बदमाशों ने घेर लिया और सनी से बैग छीनने की कोशिश करने लगे। उन दोनों ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने उनके हाथों को निशाना बनाकर गोली चला दी। इसके बाद बैग छीन लिया। छीनाझपटी में बदमाशों की बाइक गिर गई थी। इसे उठाया और भाग निकले। इससे पहले उनसे उनकी बाइक की चाबी छीन ली थी। दो बदमाश हेलमेट पहने थे, एक का चेहरा खुला था। भागते हुए बदमाशों के सामने बाइक सवार आया तो उसे गाली दी। एएसपी आकाश पटेल का कहना है कि लुटेरों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।
10 मिनट बाद आई पुलिस, फुटेज देखती रही
12:45 बजे- कर्मचारी पेट्रोल पंप से कैश लेकर बैंक के लिए चले।
1:15 बजे - बदमाशों ने कर्मचारियों को रोककर पिस्टल तान दी।
1:16 बजे - कर्मचारियों पर तीन गोलियां चलाईं और बैग छीना।
1:17 बजे - पिस्टल लहराते हुए डासना की तरफ भाग गए बदमाश।
1: 20 बजे - पुलिस को कर्मचारियों ने फोन करके लूट की सूचना दी।
1: 30 बजे - पुलिस पहुंची और कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली।
1: 35 बजे - राहगीर ने वीडियो दिखाया, पुलिस ने फुटेज भी चेक की।
पूरी तैयारी करके की लूट, परिचित का हो सकता है हाथ
गाजियाबाद। पेट्रोल पंप के मालिक देवेंद्र कुमार जैन ने बताया कि रोजाना 12 से 2 बजे के बीच में गोविंदपुरम स्थित बैंक में कैश जमा कराने के लिये पेट्रोल पंप कर्मी जाते थे। एहतियात के तौर पर 3 से 4 कर्मियों को कैश जमा कराने के लिये भेजा जाता था। बदमाशों ने जिस तरह वारदात को अंजाम दिया है, उससे किसी जानकार का हाथ होने की आशंका है। बदमाशों ने लूट के लिए सोमवार का दिन चुना। रविवार को बैंक का अवकाश होने की वजह से कैश पेट्रोल पंप पर ही इकट्ठा हो जाता है। इसलिए, सोमवार को बैंक में ले जाने के लिए कैश ज्यादा रहता है। रोज का कैश छह-सात लाख रुपये ही रहता है। सोमवार को तीन दिन का कैश ले जाया गदया था। लग रहा है कि यह बात बदमाशों को भी पता थी।
बदमाशों ने हेलमेट भी अपनी पहचान छिपाने के लिए पहन रखे थे। बदमाश पूरे इलाके से वाकिफ थे। वह उसी रास्ते से भागे, जहां दिन में पुलिस चेकिंग तक नहीं करती है। वारदात बैंक के रास्ते में की। उन्हें कर्मचारियों के बैंक जाने का समय भी मालूम था। उधर, पुलिस ने पेट्रोल पंप पर काम करने वाले सभी कर्मचारियों का पूरा ब्योरा लिया है। सभी के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है। यह भी मालूम किया गया है कि हाल - फिलहाल में कोई नौकरी छोड़कर तो नहीं गया। पांच दिन पहले आरडीसी में गोल्ड लोन देने वाली कंपनी के दफ्तर में 10.60 लाख की लूट का खुलासा हुआ तो इसमें दफ्तर का गार्ड शामिल मिला था।
वारदात से खौफ में पंप संचालक
वारदात के बाद से पेट्रोल पंप संचालकों में दहशत का माहौल है। गाजियाबाद पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर सिंह का कहना है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री बदमाशों पर नकेल कसने का दम भरते हैं, इसके बावजूद इसके बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। पेट्रोल डीलरों समेत अन्य व्यापारियों को पुलिस द्वारा सुरक्षा दिए जाने के संबंध में गंभीरता से विचार करने की जरूरत है, ताकि व्यापारी निडर होकर व्यापार कर सकें।
पिस्टल देखकर सहमे लोग, मदद के लिए नहीं आए आगे
गाजियाबाद। लूट का शिकार कर्मचारियों के साथियों ने वीडियो तो बनाया , लेकिन बदमाशों की पिस्टल से डरकर आगे नहीं आए। बदमाशों ने तीन फायर किए तो गोली की आवाज सुनकर आस पास लोग घरों और दुकानों के बाहर आ गए। वे बदमाशों को देखते रहे, लेकिन किसी ने उनका विरोध नहीं किया और न ही पकड़ने की कोशिश की। सब पिस्टल से डर रहे थे। कुछ लोग मकानों की छतों पर पहुंच गए थे। इनके सामने से बदमाश भाग रहे थे, लेकिन ये भी चुपचाप देखते रहे। इन लोगों ने पुलिस को खबर भी नहीं दी। लुटेरों के भाग जाने के बाद पंप कर्मचारियों ने ही 112 पर कॉल करके सूचना दी।
अखिलेश का ट्वीट - नई सरकार का अभिनंदन कर रही लूट
25 लाख की लूट के थोड़ी देर बाद ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, गाजियाबाद में सरेआम 25 लाख रुपये की लूट व बिजनौर में राशन डीलर की हत्या यूपी की नई भाजपा सरकार का अभिनंदन कर रही है। भाजपा के राज में सरकार पेट्रोल से लोगों को लूट रही है और यूपी के बेखौफ अपराधी पेट्रोल पंप वालों को, ये कैसा परस्पर संबंध है।