पुलिस का दावा, लॉकर से चोरी नहीं हुए जेवर
गाजियाबाद। नेहरूनगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से दो मार्च को गायब हुए 70 लाख के जेवरात मिल गए हैं। पुलिस ने जांच के बाद लॉकर में ही जेवरात होने का दावा किया है। अधिकारियों का कहना है कि लॉकर से जेवरात निकले ही नहीं बल्कि महिला ने गलत लॉकर में चाबी लगाकर इसे खोलने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि बैंक कर्मियों ने भी जल्दबाजी में किसी और का लॉकर तोड़ दिया। पुलिस ने लॉकर में मिले जेवर जब्त कर लिए हैं।
नेहरूनगर निवासी प्रियंका ने दो मार्च को बैंक लॉकर से जेवर गुम होने के मामले में सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बैंक कर्मियों की मिलीभगत से जेवर चोरी होने का आरोप लगाया था। सिहानी गेट थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि मामले में पूछताछ के बाद शनिवार शाम को लॉकर चेक किया गया तो महिला का लॉकर नंबर दूसरा मिला। प्रियंका ने गलत लॉकर में चाबी लगाई जब लॉकर नहीं खुला तो प्रियंका की मर्जी से ही लॉकर तोड़ा गया। इसमें मिली पीले रंग की पोटली को अपना होने से महिला ने इनकार किया था, जबकि छह लाख के जेवर अपने बताए थे। प्रियंका ने दो साल पहले 2019 में आखिरी बार लॉकर चेक किया था। बैंक के मुख्य प्रबंधक संदीप श्रीवास्तव ने भी पूरा मामला सुलझने की बात कही है। उन्होंने बताया कि जेवर मिल गए हैं। गलतफहमी में उन्होंने किसी और का लॉकर टूटने की बात स्वीकार की, लेकिन लॉकर किसका था, इसका जवाब नहीं दिया। मामले में शिकायत करने वाली महिला से संपर्क नहीं हो सका। थाना प्रभारी ने बताया कि तोड़े गए लॉकर, महिला की शिकायत संबंधी जांच सोमवार को बैंक खुलने पर कराई जाएगी। अब कोर्ट के माध्यम से ही परिवार को पूरी कार्यवाही होने के बाद जेवर मिल सकेंगे।
तीन बार लगाई गई लॉकर में चाबी
महिला से पूछताछ के बाद बैंक में जांच करने पहुंची पुलिस टीम ने लॉकर में तीन बार चाबी लगाई। लॉकर खुलने पर जेवरात मिलने का दावा किया गया। प्रियंका की जानकारी के आधार पर जेवरात की शिनाख्त की गई है। सोमवार को बैंक खुलने के बाद आगे की जांच की जाएगी। बताया जा रहा है कि महिला का लॉकर नंबर जेजे सीरीज का था जबकि महिला एलएल सीरीज से शुरू होने वाले लॉकर में बार-बार चाबी लगा रही थी। बैंक कर्मी भी हड़बड़ाहट में सही लॉकर को नहीं पहचान सके और लॉकर तोड़ दिया। इस घटना के बाद कई लोग पीएनबी बैंक में लॉकर चेक करने पहुंचे थे।