दम तोड़ गई तीसरी लहर, सजग रहना जरूरी
गाजियाबाद। इलाज और टीकाकरण के बाद तीसरी लहर में संक्रमण अब दम तोड़ गया है। 24 घंटे में स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा 99.01 फीसदी हो गया है। जबकि संक्रमण दर कम होकर 0.53 प्रतिशत रह गई है। पिछले 24 घंटे में सिर्फ 29 संक्रमित मिले हैं। सभी संक्रमितों का घर पर ही इलाज चल रहा है, किसी को भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी है। इलाज के बाद 59 मरीजों ने कोरोना संक्रमण को मात दी है। इनमें दो मरीज अस्पताल में भर्ती थे। इस समय जिले में सिर्फ 353 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि अगर संक्रमण में उतार चढ़ाव नहीं हुआ और इसी तरह से संक्रमण में कमी होती रही तो 15 दिन में संक्रमण मुक्त हो सकता है। डीएसओ का कहना है कि अभी तक कई महामारियों में तीन से पांच लहर रही है। आने वाली हर अगली लहर बीत चुकी लहर से कमजोर होती है। यही क्रम कोरोना वायरस के साथ भी हो रहा है। तीसरी लहर पूरी तरह से कमजोर साबित हुई है। हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने माना है कि कोरोना संक्रमण का नया स्वरूप अधिक गंभीर हो सकता है।
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार का कहना है कि तीसरी लहर में जितनी तेजी से संक्रमण बढ़ा था, उतनी तेजी से कम हुआ है। इस समय संक्रमण पूरी तरह से दम तोड़ चुका है। इस समय वही लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं जिनके शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है और ज्यादा समय तक भीड़ वाले स्थानों पर आवागमन होता है। बचाव के लिए जरूरी है कि कहीं भी आने-जाने पर हाथ धोने और मास्क लगाने में लापरवाही न करें।