नंदग्राम में युवक को बंधक बनाकर पीटा
गाजियाबाद। लोनी में बीच सड़क पर रॉड से सिर कुचलकर युवक की हत्या और विजयनगर में दो दोस्तों पर सरेआम रॉड से हमले के बाद अब नंदग्राम में दबंगों की बर्बरता देखने को मिली है। इस घटना में एक युवक को बंधक बनाकर डंडों से पीटा गया। बंधक युवक जान बख्शने की गुहार लगाता रहा, लेकिन दबंगों को जरा भी दया नहीं आई। युवक के बेहोश होने पर दबंगों से उसे पीटना बंद किया। घटना की वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आ गई। तमाम कोशिशों केबावजूद पीड़ित का पता न लगने पर पुलिस ने खुद केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मंगलवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इसमें एक युवक बंधक बना है और कुछ लोग उसे डंडों से पीट रहे हैं। कभी बाल पकड़कर युवक को घसीटा जा रहा है तो कभी डंडों के साथ-साथ लात-घूंसे बरसाए जा रहे हैं। वीडियो नंदग्राम चौकी क्षेत्र के संगम विहार इलाके का बताया जा रहा है। दबंग युवक को तब तक पीटते रहे, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। बातचीत के दौरान हमलावर पीड़ित युवक को मौत के घाट उतारने की बात भी कह रहे हैं। वीडियो सामने आते ही अधिकारियों ने संज्ञान लिया और सिहानी गेट पुलिस को मौके पर जांच के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में कुछ दबंगों द्वारा एक युवक को पीटने की बात सामने आई। सीओ द्वितीय अवनीश कुमार का कहना है कि तमाम कोशिशों के बावजूद पीड़ित का पता नहीं लग सका है। वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने अपनी तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
घेरा बनाकर तमाशबीन बने रहे लोग, बनाते रहे वीडियो
कुछ दिन पहले लोनी में युवक को बीच सड़क रॉड से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया। इसके बाद विजयनगर क्षेत्र में दर्जनभर दबंगों ने दो दोस्तों पर रॉड से हमला कर अधमरा कर दिया था। दोनों घटनाओं में लोग आरोपियों का विरोध करने की बजाय तमाशबीन बने रहे और वीडियो बनाते रहे। ऐसा ही नंदग्राम की घटना में भी देखने को मिला। दबंग हमलावर पीड़ित युवक को डंडे से पीट रहे हैं और लोग घेरा बनाकर तमाशबीन बने हुए हैं। किसी ने भी दबंगों को टोकने तक की जहमत नहीं उठाई।
ट्रेस हुए आरोपी, गिरफ्तारी के लिए दबिश
पुलिस का कहना है कि युवक को चोर समझकर कुछ लोगों द्वारा उसकी पिटाई की गई। हालांकि, पीड़ित अभी तक पुलिस को नहीं मिल सका है। सीओ द्वितीय का कहना है कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। आरोपी काफी हद तक ट्रेस हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।