साइकिल सवार को कार से मारी टक्कर, पुलिसकर्मी को घसीटा
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में नेहरूनगर स्थित होली चाइल्ड चौराहे के पास बलीनो कार सवार 11वीं के छात्र ने साइकिल सवार छात्र को टक्कर मार दी। मौके पर तैनात यातायात पुलिस के कांस्टेबल ने कार सवार को रोकने का प्रयास किया तो छात्र ने कार दौड़ा दी और कांस्टेबल को टक्कर मार दी इससे वह बोनट पर गिर गए। ऐसा करके छात्र ने उन्हें काफी दूर तक घुमाया। बाद में पुलिस ने कार सवार आरोपी छात्र को पकड़ लिया। छात्र की मां और पिता चिकित्सक हैं। मामले में हेड कांस्टेबल ने सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
होली चाइल्ड चौराहे पर मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे कार सवार छात्र ने भाटिया मोड़ निवासी छात्र शुभम द्विवेदी को टक्कर मार दी। मौके पर तैनात यातायात पुलिस के कांस्टेबल अंकित कुमार ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोपित छात्र ने कार की रफ्तार और तेज कर दी और अंकित को टक्कर मार दी और घसीटते हुए ले गया। कार सवार छात्र अपने दो साथियों के साथ था। कांस्टेबल को बोनट पर ही लेकर छात्र यशोदा अस्पताल तक ले गया, जहां जाम होने के कारण पीछे से आए अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान छात्र के अन्य दो साथी कार लेकर फरार हो गए। घटना में साइकिल सवार शुभम द्विवेदी व कांस्टेबल को मामूली चोटें आई हैं। थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। छात्र नाबालिग है उस पर ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है। छात्र के माता-पिता को बुलवाया है। कांस्टेबल ने सरकारी कार्य में बाधा डालना और जान लेने की कोशिश करने की कार सवार तीनों के खिलाफ शिकायत दी है।