बी श्रेणी की है डीपी यादव की हिस्ट्रीशीट, बंद नहीं की जा सकती
गाजियाबाद। बाहुबली पूर्व सांसद डीपी यादव की हिस्ट्रीशीट बंद नहीं होगी। उन्होंने बुधवार को एसएसपी मुनिराज जी को प्रार्थना पत्र देकर हिस्ट्रीशीट खत्म करने की गुहार लगाई थी। इस पर बृहस्पतिवार को एसएसपी ने साफ किया कि बी श्रेणी के हिस्ट्रीशीटर की हिस्ट्रीशीट उसकी मृत्यु हो जाने का बाद ही बंद या खत्म की जाती है।
डीपी यादव की हिस्ट्रीशीट कवि नगर थाना में खुली है। पुलिस के रिकॉर्ड में उन्हें बी श्रेणी के हिस्ट्रीशीटरों में रखा गया है। हिस्ट्रीशीट दो श्रेणी की होती हैं। ए श्रेणी की और बी श्रेणी की। ए श्रेणी की हिस्ट्रीशीट एसपी या एसएसपी के स्तर से खोली जाती है। बी श्रेणी की हिस्ट्रीशीट डीआईजी या आईजी स्तर के अधिकारी खोलते हैं। न ए श्रेणी की हिस्ट्रीशीट खत्म की जा सकती है और न ही बी श्रेणी की। हां, इतना जरूर है कि अगर ए श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर अपराध करना छोड़ दे और उसके खिलाफ काफी समय तक कोई केस दर्ज न हो और न ही शिकायत आए तो उसकी निगरानी बंद कर दी जाती है। बी श्रेणी के हिस्ट्रीशीटर की निगरानी बंद नहीं की जाती है। डीपी यादव के प्रार्थना पत्र के बारे में उन्होंने बताया कि इस पर गौर किया गया। नियम के अनुसार यह हिस्ट्रीशीट बंद नहीं की जाएगी।