दो की गई जान फिर भी एक्सप्रेसवे पर दौड़ रहे दोपहिया वाहन
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार शाम आग का गोला बनी वैन में दो लोगों के जिंदा जलने के बाद भी ट्रैफिक पुलिस और एनएचएआई की कार्यशैली में सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। ट्रैफिक पुलिस और एनएचएआई दोपहिया वाहनों को रोकने के लिए एक दूसरे की जिम्मेदारी बता कर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की पड़ताल में सामने आया कि डासना से एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करने वाले प्वाइंट से बिना किसी रोकटोक के दोपहिया वाहन दौड़ रहे हैं, इतना ही नहीं दिल्ली की ओर से ही एक्सप्रेस वे पर दोपहिया वाहन आ रहे हैं। जिन्हें पुलिस या एनएचएआई की टीम द्वारा रोका नहीं जा रहा है।
अमर उजाला की टीम 11:30 बजे एक्सप्रेसवे के डासना टोल प्लाजा पर पहुंची, जहां कार 120 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ती नजर आई। इसके साथ ही 30 मिनट में 30 से ज्यादा दोपहिया वाहन एक्सप्रेसवे पर चढ़े और उतरे। उन्हें न चालान का डर है और न ही हादसे होने का। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे पर गलत साइड में भी वाहन चलते नजर आए। उन्हें भी कोई रोकने टोकने वाला नजर नहीं आया।
दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर मसूरी थाना क्षेत्र में नूरपुर रेस्ट एरिया के पास बुधवार शाम हरिद्वार से आ रही एक वैन दोपहिया वाहन को बचाने के कारण पलट गई। इससे वैन में आग गई थी, जिसमें दो लोग जिंदा जल गए और तीन झुलस गए थे। इससे पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं लेकिन न पुलिस की आंख खुल रही हैं और न ही एनएचएआई की।
14 हजार दोपहिया वाहनों के चालान भी किए गए
एनएचएआई द्वारा कार्रवाई के लिए दिए गए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने अब तक 70 हजार वाहनों के तेज रफ्तार और उल्टी दिशा में चलने पर चालान काटे हैं। इनमें 20 फीसदी लगभग 14 हजार दोपहिया वाहन शामिल हैं जो पाबंदी के बाद भी एक्सप्रेसवे पर दौड़ रहे हैं।
ईस्टर्न पेरिफेरल और डीएमई पर अब तक की कार्रवाई
माह तेज रफ्तार
नवंबर 25536
दिसंबर 11501
जनवरी 8120
फरवरी 6507
मार्च 7155
अप्रैल 6507
मई (25 तक) 1887
उल्टी दिशा में चलने पर- 4785
लोगों को जागरूक होने की जरूरत
एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। एक्सप्रेसवे के प्रवेश पर साइन बोर्ड भी लगे हैं। इसके बावजूद लोग नहीं मान रहे हैं। एक्सप्रेसवे पर चलने वाले दोपहिया वाहनों के भी चालान किए जा रहे हैं। टोल प्लाजा पर एनएचएआई की टीम भी दोपहिया वाहनों को रोककर वापस भेजने में सहयोग कर सकती है।
दोपहिया वाहनों की सूची पुलिस को दी जा रही
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अरविंद सिंह ने बताया कि टोल प्लाजा पर दोपहिया वाहन चालकों को रोकने पर वह टोलकर्मियों के साथ अभद्रता करते हैं। एनएचएआई की ओर से कई बार पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर टोल प्लाजा पर पुलिसबल तैनात करने को कहा गया है। इसके साथ ही जहां टोल प्लाजा हैं उस थाना क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की सूची तैयार कर कार्रवाई के लिए दी जा रही है। उन पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।