एप से रखी घरेलू सहायिका, 34.5 हजार की लगी चपत
गाजियाबाद। कविनगर बी-ब्लॉक के निवासी व्यापारी कार्तिकेय शर्मा को एप के जरिए घरेलू सहायिका रखना महंगा पड़ गया। ठग ने कमीशन एजेंट बनकर उनसे 34.5 हजार रुपये ले लिए। उनके घर एक महिला को भेज दिया। छह घंटे बाद महिला घर से चली गई। इसके बाद महिला और कमीशन एजेंट बने युवक का फोन स्विच ऑफ हो गया।
कार्तिकेय ने कविनगर थाना में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि घर में छोटा बच्चा है, उसके लिए घरेलू सहायिका चाहिए थी। क्विकर एप पर आवेदन किया तो ढेर सारे फोन आ गया। इनमें से एक कृष्णा मेड ब्यूरो दिल्ली के नाम से आया। उसने दस हजार रुपये कमीशन, पांच सौ रुपया आने का खर्च और घरेलू सहायिका का आठ हजार रुपये प्रति माह की दर से तीन माह का एडवांस वेतन लिया। उस युवक को 34,500 देने के बाद एक महिला आई लेकिन शाम को ही चली गई। कविनगर थाना प्रभारी आनंद प्रकाश मिश्रा का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी का कहना है कि कार्तिकेय ने युवक से मिले दस्तावेज दिए हैं। उनकी मदद से जानकारी कर रहे हैं।