रेड एप्पल : बिल्डर ने फ्लैट बनाने के नाम पर भी की धोखाधड़ी
गाजियाबाद। रेड एप्पल समेत कई कंपनी बनाकर 100 करोड़ की धोखाधड़ी करने के मामले में बिल्डर ने फ्लैट बेचने ही नहीं बल्कि फ्लैट के निर्माण के नाम पर भी व्यापारियों से धोखाधड़ी की है। रेड एप्पल ग्रुप के खिलाफ एक और रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस मामले में बिल्डर ने लोहा व्यापारी से करीब 2.9 करोड़ रुपये का माल ले लिया और रुपये वापस नहीं किया। धोखाधड़ी के मामले में आरोपियों के खिलाफ अभी तक 75 से ज्यादा मामले दर्ज हो चुके हैं।
लोहा व्यापारी अनुज मित्तल का कहना है कि लोहा मंडी में नवभारत इंटरप्राइजेज नाम की फर्म में वह साझेदार हैं। मंजू जे होम्स इंडिया लिमिटेड प्रोजेक्ट के निदेशक राजकुमार जैन जून 2019 में उनके पास आए और करीब 1.6 करोड़ रुपये का लोहा उधार खरीदा। इसके बाद लक्ष्मीनारायण फिनासोल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक प्रतीक जैन और विजयंत जैन ने उनसे 39.5 लाख रुपये का लोहा उधार खरीद लिया। वहीं आइडिया बिल्डर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक नरेंद्र पाल, मंजू जैन और उनके साथियों ने करीब 9.5 लाख रुपये का लोहा उधार खरीद लिया। लंबा समय बीत जाने के बाद उन्होंने माल के रुपये मांगे तो जैन ग्रुप ने उन्हें चेक दे दिए। उन्होंने बैंक खाते में चेक लगाए तो चेक बाउंस हो गए। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी देकर रुपये मांगे तो आरोपियों ने रुपये देने से इनकार कर दिया। उनके साथ करीब 2.9 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है। आरोप है कि मामले की पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। अनुज ने नंदग्राम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तत्कालीन बैंक अधिकारियों की मांगी सूची
धोखाधड़ी के मामले में बैंकों से सांठगांठ कर फर्जीवाड़ा करके लोन लिया गया है। इसमें पांच बैंकों के नाम सामने आ चुके हैं। एएसपी आकाश पटेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी बैंक के तत्कालीन अधिकारियों की सूची मांगी गई है। सूची मिलने पर उनके आरोपों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।