बातू गिरोह के सदस्यों ने दंपती से लूटे थे तीन लाख
गाजियाबाद। बातू गिरोह ने राजेंद्र नगर में बैंक से पैसे निकालकर जा रहे दंपती से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। सरगना यशपाल उर्फ गुड्डू ने बैंक में रेकी कर अन्य तीन सदस्यों को दंपती के पास 3 लाख रुपये होने की जानकारी दी थी। इसके बाद अजय, पिंटू और पवन ने पीछा किया। अजय और पिंटू ने स्कूटी पर सवार होकर उनके घर के बाहर से पर्स लूट लिया था। पुलिस ने बुधवार सुबह सीमापुर बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान लूट में शामिल दो अभियुक्तों यशपाल और अजय को गिरफ्तार कर लूट के एक लाख 70 हजार रुपये बरामद किए हैं। पिंटू और पवन फरार हैं। गिरोह के सदस्य मुरादाबाद के रहने वाले हैं।
12 अप्रैल को राजेंद्र नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे ललित कुमार मल्होत्रा से बदमाशों ने घर के बाहर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने पांच टीमें लगाई थीं। सीसीटीवी फुटेज से लूट में शामिल चारों बदमाशों की पहचान कर ली गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बैग में तीन लाख रुपयों के अलावा मोबाइल और चेकबुक मिले थे, जिन्हें रास्ते में फेंक दिया था। कस्तूरबा नगर दिल्ली पहुंचकर लूट की रकम का बंटवारा किया गया था। इसमें से 1 लाख 40 हजार रुपये अजय को मिले थे। बाकी पवन के पास हैं, जिसकी तलाश की जा रही है।
अजय के खिलाफ दर्ज हैं 29 मुकदमे
गिरोह का सरगना यशपाल दिल्ली में अवैध शराब की बिक्री के धंधे से जुड़ा था। उसके खिलाफ 17 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से ज्यादातर मामले दिल्ली के हैं। वहीं अजय कुमार पर दिल्ली के विभिन्न थानों में 29 मामले दर्ज हैं।
नशे का आदी बनाकर करते हैं गिरोह में शामिल
कम उम्र के लड़कों को गिरोह में शामिल कराने का लक्ष्य दिया जाता है। इसके लिए शुरुआत में उन्हें शराब और गांजा का नशा कराया जाता है। आदी होने पर पैसे कमाने के लिए लूट की वारदात में शामिल किया जाता है।