नगर निगम में नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये हड़पे
गाजियाबाद। नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर दिल्ली निवासी एक व्यक्ति ने महिला से छह लाख रुपये ले लिए। इसके बाद व्यक्ति ने महिला को फर्जी नियुक्ति पत्र भी भेज दिया। आरोप है कि बाद में रुपये वापस मांगने पर व्यक्ति ने रुपये वापस नहीं लौटाए और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। महिला ने सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मेरठ निवासी प्रीति का कहना है कि वह मेरठ कचहरी में काम करती हैं। उनकी पहचान अमित प्रकाश से है। अमित प्रकाश के माध्यम से उनकी पहचान दिल्ली निवासी सुरेंद्र कुमार से हुई। आरोप है कि सुरेंद्र ने खुद को समाजवादी पार्टी का बड़ा कार्यकर्ता बताया और पार्टी के बड़े नेताओं से अच्छी पहचान होने की बात कही। इसके बाद उसने गाजियाबाद नगर निगम में लिपिक के पद नौकरी लगवाने की बात कही। इसके लिए नगर निगम में पांच लाख रुपये सिक्योरिटी और एक लाख रुपये लखनऊ आने जाने व कर्मचारियों में खर्च के तौर पर मांगे। इनमें से सिक्योरिटी के पांच लाख रुपये कुछ समय बाद वापस मिलने की भी बात कही। प्रीति का कहना है कि उन्होंने विश्वास में आकर रुपये का इंतजाम करके सुरेंद्र को रुपये दे दिए। इसके एवज में सुरेंद्र ने उन्हें नियुक्ति पत्र दिया जो फर्जी निकला। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से करने को कहा तो सुरेंद्र ने पत्र वापस मांगकर रुपये लौटाने का वादा किया। आरोप है कि इसके बाद भी उसने रुपये वापस नहीं लौटाए। रुपये वापस मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। सिहानी गेट थाना प्रभारी सौरभ विक्रम सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।