केमिकल का निर्यात करने के नाम पर 23.75 लाख ठगे
गाजियाबाद। जालसाजों ने विदेशी नागरिक बनकर केमिकल कंपनी को जिडोन क्लोराइड नामक केमिकल की जरूरत बताकर एक व्यक्ति से 23.75 लाख रुपये ठग लिए। माल न मिलने पर जब पीड़ित ने माल भेजने वाले से संपर्क किया तो उसने मोबाइल बंद कर लिया। काफी समय तक संपर्क न होने पर उन्हें ठगी का पता चला। पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
संजय नगर निवासी संदीप कुमार गुप्ता का कहना है कि दिसंबर में उनके पास एक फोन कॉल आया। कॉलर ने खुद को एसीआईसी फर्मा कंपनी से लिलिएन मोर्गेन बताया। उसने बताया कि उनकी कंपनी को 400 लीटर जिडोन क्लोराइड केमिकल की जरूरत है। मोर्गेन ने भारत में स्थानीय सप्लायर का नंबर अपने किसी जानकार से लिया जो पूरे एशिया में केमिकल की सप्लाई करता है। तुम उससे कुटेशन लेकर हमारी कंपनी को भेज दो। उसमें केमिकल का दाम 2900 रुपये रखना और इसमें से 30 प्रतिशत का मुनाफा मेरा होगा। संदीप ने जब मोर्गेन की कंपनी को कुटेशन भेजा तो कंपनी के डा. इडुआरडो नामक व्यक्ति ने कुटेशन पर सहमति जता दी। इसके बाद जालसाजों ने उनसे 50 लीटर केमिकल लेने के बाद बाकी केमिकल लेने को कहा। तभी वह उसका भुगतान करेंगे। संदीप ने कहा कि एडवांस भुगतान के बाद माल मिल सकेगा लेकिन कंपनी नहीं मानी। ऐसे में कंपनी के मोर्गेन नामक व्यक्ति ने एक व्यक्ति का नंबर देकर उनसे केमिकल की व्यवस्था करने का झांसा दिया। संदीप ने झांसे में आकर 50 लीटर केमिकल लेने के लिए 10 लाख रुपये दे दिए। ऐसा करके उन्होंने कई बार संदीप से 23 लाख 75 हजार रुपये ले लिए लेकिन जब माल नहीं मिला तो उन्होंने उनसे संपर्क करने का काफी प्रयास किया। उन सभी कॉलर के नंबर स्विच ऑफ जाने लगे। ठगी का पता चलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मधुबन बापूधाम थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल की मदद ली जा रही है। ठगों को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।