मुठभेड़ के बाद दो शातिर गिरफ्तार, नकदी-तमंचे बरामद
गाजियाबाद। विजय नगर में संतोष मेडिकल कॉलेज के पीछे सर्विस रोड पर मंगलवार रात कार सवार व्यक्ति पर फायरिंग कर डरा-धमकाकर लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटी गई अंगूठी, दो हजार की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक व दो तमंचे बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए बदमाश बागपत बड़ौत निवासी भारत तोमर और नंदग्राम घूकना निवासी सचिन गिरी हैं। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह दोनों विजयनगर में एक दुकान में लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्होंने कार सवार के साथ लूट की। सूचना मिलते ही घटनास्थल के पास पहुंची और बदमाशों की बीच मुठभेड़ हो गई।
एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया कि दोनों बदमाशों ने मंगलवार रात करीब 12 बजे कार सवार राहुल विहार निवासी बबलू त्यागी की कार पर फायरिंग कर दी। उनके रूकने पर बदमाशों ने उन्हें डराकर सोने की अंगूठी और नकदी लूट ली। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कांबिंग कर प्रताप विहार कांशीराम आवास योजना के पास बदमाशों को घेर लिया, इस पर बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में की तो दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और घायल हो गए। एसपी सिटी ने बताया कि बदमाशों के खिलाफ पूर्व में लूट व चोरी के कई मामले दर्ज हैं।