बैंक में नहीं मिले सुरक्षा गार्ड, पेट्रोल पंप पर कर्मियों का रिकॉर्ड नहीं
गाजियाबाद। पेट्रोलपंप कर्मचारी और बैंक में लूट की वारदात के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। सोमवार पुलिस ने अभियान चलाकर कई बैंकों और पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा के इंतजाम की जांच की। एसपी देहात टीम साथ 10 पेट्रोलपंप और बैंक में चेकिंग करने पहुंचे तो कहीं सुरक्षा अलार्म खराब मिला तो कहीं सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। कई बैंक की शाखाओं पर सुरक्षा गार्ड भी नहीं मिले। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की रिकार्डिंग भी नहीं मिली। एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने भोजपुर, मुरादनगर, मोदीनगर, निवाड़ी समेत अन्य क्षेत्रों में दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के दस्तावेज के साथ बैंक व पेट्रोल पंप सुरक्षा उपायों के बारे में पूछताछ की। पेट्रोल पंप पर निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी की डीवीआर भी नहीं मिली और कई पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों का डाटा रिकॉर्ड नहीं मिला। एसपी देहात ने पेट्रोल पंप मैनेजर को सभी सेल्समैन का डाटा रखने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि सभी पेट्रोल पंप और बैंकों के प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि सुरक्षा के इंतजाम में लापरवाही बरती गई तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
पीएनबी में भी तैनात नहीं था सुरक्षाकर्मी
2 अप्रैल को पीएनबी की नूरनगर सिहानी शाखा में हुई दिनदहाड़े लूट के मामले में भी बैंक में सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था। 2013 में बैंक की शाखा खुली थी, तभी से सुरक्षाकर्मी की तैनाती यहां नहीं है। पीएनबी स्टॉफ एसोसिएशन के सचिव उत्कर्ष कुमार का कहना है कि बैंक में अगर सुरक्षाकर्मी तैनात होता तो इस तरह की वारदात होने से बच सकती थी। जनपद में कई बैंकों में सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं है। इसके लिए कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।