कॉलेज-चौराहे पर खड़े दो युवक गिरफ्तार, 362 को दी चेतावनी
गाजियाबाद। अभद्र भाषा का इस्तेमाल और युवतियों पर टिप्पणी करने वाले दो मनचलों को एंटी रोमियो स्क्वॉयड ने गिरफ्तार किया है। साथ ही 362 लोगों के नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखकर चेतावनी देकर छोड़ा है।
महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर 2 अप्रैल नवरात्र से जनपद में एंटी रोमियो स्क्वायड सक्रिय हुई। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो स्क्वायड स्कूल, कॉलेज, बाजार, पार्क समेत भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्क्वायड ने मनचलों और शोहदों को पकड़ा और कार्रवाई की। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में एंटी रोमियो स्क्वायड ने सिटी पार्क के पास महिलाओं को देखकर अश्लील टिप्पणी करने वाले दो मनचलों को गिरफ्तार किया। मनचले सेक्टर-23 संजय और राजनगर एक्सटेंशन निवासी है। एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड को मनचलों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। स्कूल-कॉलेजों के पास छात्राओं पर टिप्पणी करने वाले कुछ युवकों को चेतावनी भी दी गई है। चेकिंग के दौरान फिर से इस तरह की हरकत करने या शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। एंटी रोमियो स्क्वायड ने कार्रवाई के दौरान सेक्टर-23 निवासी चित्रांस पाल और राजनगर एक्सटेशन निवासी शिवम कुमार को गिरफ्तार किया है।