पिस्टल लोड करते समय चली गोली पास में खड़े युवक के पेट में लगी, गंभीर
मसूरी। थाना क्षेत्र में पिस्टल लोड करते समय गोली चल गई और पास में खड़े युवक के दोस्त पेट में लग गई। युवक ने अपने दोस्त को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला युवक ने अपने बचाव में पुलिस को लूट की फर्जी सूचना दी है जबकि पिस्टल लोड करते समय गोली चलने से उसका दोस्त घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर पिस्टल बरामद कर ली।
मसूरी थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी अरशद और लिसाड़ी गेट निवासी शोएब उर्फ सैफ आपस में दोस्त हैं। दोनों सोमवार शाम करीब सात बजे मसूरी क्षेत्र में कनौजा से पैदल डासना की तरफ जा रहे थे। रास्ते में ग्लोबल स्कूल के पास अरशद पिस्टल निकालकर लोड करने लगा। इसी दौरान पिस्टल से गोली चल गई और शोएब के पेट में लग गई। घटना के बाद दोनों ने पुलिस से बचने के लिए करीब दो किलोमीटर दूर जाकर लूट की फर्जी सूचना पुलिस को दे दी और अरशद ने शोएब को डासना के एक अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंची पुलिस को अरशद ने बताया कि बाइक सवार बदमाश शोएब को गोली मारकर करीब साढ़े सात हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। जांच में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और पुलिस को जो घटना स्थल बताया वहां खून के निशान नहीं मिले। ऐसे में पुलिस को शक हुआ तो पूछताछ में अरशद ने सच बताया। पुलिस ने अरशद को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से पिस्टल बरामद कर ली जबकि शोएब को दिल्ली जीटीबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।