चिरंजीव विहार से तीन फर्जी फूड इंस्पेक्टर गिरफ्तार
गाजियाबाद। चिरंजीव विहार में सोमवार को तीन फर्जी फूड इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया गया। एक दुकानदार की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवकों की पहचान ईस्ट दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी पंकज कुमार, शाहदरा के ज्योतिनगर निवासी तनु चौहान व बागपत निवासी सुमित के रूप में हुई है।
मुरादनगर निवासी सचिन कुमार चिरंजीव विहार स्थित अंसल प्लाजा में दुकान चलाते हैं। सोमवार को उनकी दुकान पर पहुंचे एक युवक ने खुद को फूड इंस्पेक्टर बताते हुए लाइसेंस दिखाने को कहा। लाइसेंस नहीं दिखाने पर आरोपी युवक ने कार्रवाई न करने के बदले 25 सौ रुपये रिश्वत की मांग की। दुकानदार को युवक की हरकतों व बातों पर कुछ संदेह हुआ। उन्होंने जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद आरोपी ने भी अपने दो और साथियों को बुला लिया। दोनों युवकों ने भी खुद को फूड इंस्पेक्टर बताया। दुकानदार की सूचना पर मौके पर पहुंचे खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी ने तीनों युवकों का विभाग से कोई संबंध नहीं होने की बात कही। इसके बाद दुकानदार ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कविनगर थाने में तहरीर दी। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दुकानदार की सूचना पर फर्जी फूड इंस्पेक्टर बन कर उगाही करते हुए तीन युवकों को पकड़ा गया है। तीनों के खिलाफ दुकानदार की तहरीर पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। विनीत कुमार, डीईओ
पिछले दिनों टीएचए में सामने आ चुके हैं दो मामले
जनपद में नकली फूड इंस्पेक्टर बन ठगी करने का मकड़जाल लगातार बढ़ रहा है। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में भी पिछले दिनों फूड इंस्पेक्टर बंद कर नकली लाइसेंस बनाने व अवैध वसूली करने के दो मामले सामने आ चुके हैं।