स्थानीय लोगों के मुताबिक दुकान को लेकर दोनों भाइयों में विवाद तो काफी दिनों से चल रहा था, लेकिन गुरुवार को दोनों में झगड़ा बढ़ गया। इस दौरान दोनों में जमकर गाली-गलौज और हाथापाई हुई। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत किया था। बताया जा रहा है कि इस दौरान आजाद ने अलीमुद्दीन को हत्या की धमकी दी थी। लोगों का कहना है कि आजाद के सिर पर इतना खून सवार होगा कि भाई की हत्या कर देगा, इसका अंदाजा नहीं था।
तलवार दिखाता हुआ मौके से पैदल ही भागा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आजाद दोपहर से ही भाई अलीमुद्दीन को खोजता फिर रहा था। उसने कई लोगों से उसके बारे में पूछा भी था, लेकिन किसी को उसके खौफनाक इरादों का जरा भी इल्म नहीं था। रात करीब 8.30 बजे जैसे ही कैला भट्ठा मेन मार्केट की रोड पर आजाद ने भाई को देखा तो तलवार से उसकी गर्दन रेत दी। इसके बाद वह हाथ में तलवार लेकर दिखाता हुआ पैदल ही मौके से भाग गया। इस दौरान कोई भी उसे रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
रास्ते में तड़पता रहा अलीमुद्दीन
गला रेते जाने के बाद अलीमुद्दीन रास्ते पर गिर गया। अंधेरा होने की वजह से लोग शुरुआत में माजरा नहीं समझ सके, लेकिन जब एक वाहन की रोशनी में उसके भाई आजाद के हाथ में तलवार देखी तो लोग सहम गए। इसके बाद अलीमुद्दीन ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। सीओ प्रथम महीपाल सिंह ने बताया कि घरेलू व संपत्ति विवाद में आजाद ने छोटे भाई की हत्या की है। उसकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं, जो उसकी तलाश में हैं।