परिषदीय स्कूलों के बच्चों को बिना रिजल्ट इंटर कॉलेज में नहीं मिल रहा प्रवेश
गाजियाबाद। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के सामने एडमिशन का संकट आ गया है। कंपोजिट विद्यालय गांधी नगर में पढ़ने वाली छात्राओं को बिना रिजल्ट के सुशीला कन्या इंटर कॉलेज ने कक्षा नौ में प्रवेश देने से मना कर दिया है। कॉलेज ने कक्षा आठ का रिजल्ट लाने केबाद ही नौवीं में प्रवेश देने को कहा है। टीसी को रिकॉर्ड न बताकर अमान्य कर दिया है। इससे छात्राओं के सामने दिक्कत खड़ी हो गई है।
कोरोना संक्रमण के कारण कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं को बिना रिजल्ट के ही पास कर दिया गया था। ऐसे में छात्र-छात्राओं के पास रिजल्ट नहीं है। कंपोजिट विद्यालय गांधी नगर में पढ़ने वाली छात्राओं को भी कक्षा आठ से प्रोन्नति कर दिया गया है। उन्हें टीसी भी काटकर दे दी गई है। अधिकतर स्कूलों में टीसी के आधार पर दूसरे स्कूलों से आने वाले छात्र-छात्राओं का प्रवेश लिया जा रहा है, लेकिन सुशीला कन्या इंटर कॉलेज ने टीसी के आधार पर छात्राओं का प्रवेश लेने से इनकार कर दिया है। 10 से अधिक छात्राएं प्रवेश के लिए चक्कर काट रही हैं। छात्राओं का कहना है कि विद्यालय स्टाफ ने कहा है कि कक्षा नौ में प्रवेश लेने के लिए कक्षा आठ पास का रिजल्ट होना अनिवार्य है।
प्रवेश ने होने पर छात्राएं वापस कंपोजिट विद्यालय गांधीनगर पहुंची और प्रधानाध्यापिका को रिजल्ट बनाने के लिए कहा। उन्होंने भी रिजल्ट देने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का आदेश और बिना रिजल्ट के ही पास किया गया है। ऐसे में रिजल्ट बनाकर देना संभव नहीं होगा। पूरे प्रदेश में कहीं रिजल्ट नहीं दिया गया है।
वर्जन....
कोरोना के कारण स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा आठ की छात्राओं को बिना परीक्षा के पास किया गया है। सुशीला कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य छात्राओं से रिजल्ट मांग रही हैं। बिना रिजल्ट के उन्हें प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। अब उन्हें टीसी के अलावा अलग से लेटर बनाकर दिए गए हैं कि छात्राएं हमारे यहां से कक्षा आठ पास करके गई हैं। अभी भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
सुरेश कुमारी, प्रधानाध्यापिका, कंपोजिट विद्यालय गांधी नगर
----
कक्षा नौ में रजिस्ट्रेशन करने के दौरान रिपोर्ट कार्ड की कॉपी लगानी होती है। इसलिए अब उनसे रिजल्ट कार्ड के स्थान पर स्कूल से एक लेटर लिखवाने को बोला गया है। वह लेटर लेकर आएंगी तो उसको रजिस्ट्रेशन के दौरान संबद्ध कर दिया जाएगा। इससे प्रवेश में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी। प्रवेश को लेकर डीआईओएस के यहां से भी कोई लेटर नहीं आया है कि प्रवेश किस आधार पर लेना है।
रुचि सिंह, प्रधानाचार्य सुशीला कन्या इंटर कालेज
इस संबंध में बीएसए ने अवगत कराया है कि कुछ छात्रों केसामने प्रवेश की दिक्कत आ रही है। सभी माध्यमिक विद्यालय टीसी के आधार पर बच्चों का प्रवेश लें, यदि कोई टीसी के आधार पर प्रवेश नहीं लेता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रवि दत्त, डीआईओएस