फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: गाजियाबाद-311 एप पर कल से घर बैठे ही होगा समस्याओं का समाधान

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। शहर को तीन बड़ी परियोजनाओं का तोहफा मिलने जा रहा है। सोमवार से गाजियाबाद-311 मोबाइल एप की सुविधा जनता को मिलने लगेगी। मोबाइल एप की मदद से शहरवासी घर बैठे ही नगर निगम से संबंधित 66 तरह की समस्याओं को समाधान करा सकेंगे। वहीं, 5.83 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार उत्तरांचल और पूर्वांचल भवन का 12 या 13 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल लोकार्पण करेंगे।
विज्ञापन

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि सोमवार शाम चार बजे नगर निगम मुख्यालय में गाजियाबाद 311 एप को लांच कर दिया जाएगा। सुविधा शुरू होने के बाद नगर निगम से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को निगम के दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। 66 तरह की शिकायतों को मोबाइल एप पर कहीं से भी दर्ज कराया जा सकेगा। एप के माध्यम से घर बैठे ही संपत्ति कर जमा किया जा सकेगा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया जा सकेगा। एप से नगर निगम की जिन सेवाओं को जोड़ा गया है उनमें, उद्यान, डेयरी, पार्किंग, ट्रेड लाइसेंस, स्ट्रीट लाइट, म्यूटेशन, कैटल केचिंग, जलकल, निर्माण, अतिक्रमण, सीवर, टैक्स, आईटी आदि शामिल हैं। कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नहीं आने पर शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। पालतू कुत्तों का पंजीकरण भी एप के जरिये कराया जा सकेगा। एप के माध्यम से अपने आसपास नजदीकी शौचालय, सामुदायिक सुविधा केंद्र की जानकारी भी ली जा सकेगी। निगम कर्मचारियाें की हाजिरी का कार्य भी एप के माध्यम से होगा।

एप पर ही लगेगी कर्मचारियों की हाजिरी
मोबाइल एप के माध्यम से ही अधिकारी और कर्मचारी हाजिरी लगाएंगे। इससे उनकी लोकेशन का आसानी से पता चल जाएगा। साथ ही, ड्यूटी से गायब रहने वाले कर्मचारियों की मनमानी पर अंकुश लगेगा। आमतौर पर पार्षदों की शिकायत रहती है कि खासकर फील्ड कर्मचारी मौजूद नहीं मिलते।
विज्ञापन



शिकायत पर तुरंत उठेगा कचरा

एप के माध्यम से कचरे की शिकायत मिलते ही निगम की टीम पहुंचकर तत्काल निस्तारण करेगी। सड़कों पर कचरा फैलाने वालों की शिकायत भी आम नागरिक इस एप के माध्यम से कर सकेंगे। इससे शहर के सभी 100 वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के साथ ही एप के जरिए किताबें, बर्तन एवं कोई भी सामग्री दान करने की भी सुविधा दी जाएगी।

कंट्रोल रूम में होगी कमांड

311-एप के लिए नगर निगम मुख्यालय में भी एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। सेफ सिटी से जोड़े जा रहे कैमरों और प्रस्तावित आईटीएमएस योजना के तहत लगने वाले कैमरों की मदद से डोर टू डोर कचरा उठाने वाली गाड़ियों के अलावा शहर की सफाई व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जाएगी। एप पर आने वाली सफाई संबंधित शिकायतों का निस्तारण नियंत्रण कक्ष में बैठे कर्मचारी तत्काल कराएंगे।

उत्तरांचल और पूर्वांचल भवन का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे सीएम
नंदग्राम में बद्रीनाथ धाम के डिजाइन पर आधारित उत्तरांचल भवन बनकर तैयार हो गया है। लगभग 745.50 वर्ग मीटर जमीन पर बनाया गया है, इसके निर्माण पर लगभग 2.90 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। वहीं, अर्थला में करीब 2.93 करोड़ रुपये की लागत से 615 वर्गमीटर जमीन पर पूर्वांचल भवन का निर्माण किया गया है। शहर में बड़ी संख्या में उत्तरांचल और पूर्वांचल के लोग रहते हैं। ये लोग अपने पर्व-त्योहार एक साथ इकट्ठा होकर मना सकेंगे। इनके लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है। नगर आयुक्त ने बताया कि 12 या 13 मार्च को मुख्यमंत्री दोनों ही परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण कर सकते हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें