गाजियाबाद के मोदीनगर के निवाड़ी थाना के अंतर्गत शेरपुर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एकतरफा प्रेम में युवती को तमंचे के बल पर अगवा कर ले जा रहे सिरफिरे युवक ने विरोध करने पर युवती की भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए अपने साथियों के साथ मौके से भाग गया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस न मृतका के पति की तहरीर पर एक नामजद सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शेरपुर गांव की रहने वाली युवती की दस दिन बाद 18 जुलाई को शादी होने वाली थी। अपने ननिहाल शेरपुर में ही रहने वाला एक युवक युवती से एकतरफा प्यार करता था। बृहस्पतिवार सवेरे वह युवक अपने साथियों के साथ जबरन युवतीके घर में घुस गया और तमंचे के बल पर उसका अपहरण करने का प्रयास करने लगा।
यह देख युवती की 25 वर्षीय भाभी उससे भिड़ गई और किसी तरह अपनी ननद को सिरफिरे के कब्जे से छुड़ा लिया। युवती के छूटते ही युवक ने युवती की भाभी को गोली मार दी। गोली महिला की ढोड़ी में जा लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गई, उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मृतका के पति ने आरोपी युवक रोहित तथा चार अज्ञात के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं एसपी देहात डॉ. ईरज राजा का कहना है कि गोली मारकर महिला की हत्या की गई है। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी रोहित और चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले भी करता था परेशान, पंचायत में युवक ने मांगी थी माफी
मूलरूप से बागपत के फिरोजपुर गांव का रहने वाला युवक रोहित काफी समय से अपनी ननिहाल शेरपुर में ही रह रहा था। बताया गया कि रोहित कई वर्षों से युवती को परेशान कर रहा था। जिसके कारण परिजनों ने युवती की पढ़ाई बीच में ही बंद करा दी थी। मगर युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। बात बढ़ने पर गांव में पंचायत हुई तो रोहित ने माफी मांगते हुए युवती से राखी बंधवाई थी। बताया गया कि कुछ समय तो रोहित शांत रहा मगर फिर उसके बाद उसने फिर से युवती को परेशान करना शुरू कर दिया। परिजनों ने युवती की शादी तय कर दी और आगामी 18 जुलाई को युवती की बारात आनी थी।
खुशियों वाले घर में पसरा मातम
घर में जोरशोर से शादी की तैयारी चल रही थी। शादी के लिए अधिकांश शॉपिंग हो चुकी थी। मेहमानों का आवागमन भी शुरू हो चुका था। शीघ्र ही घर में शहनाई बजने वाली थी, मगर उससे पहले ही एक तरफा प्यार में पागल सिरफिरे युवक ने युवती की भाभी की हत्या कर खुशियों वाले घर में मातम का माहौल कर दिया।