मुरादनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित आईटीआई कॉलेज के बाहर नगर पालिका परिषद की ओर से बनाए जा रही मार्केट की 32 दुकानों को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार रात सील कर दिया। जीडीए की कार्रवाई के बाद नगर पालिका अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पालिका के अधिशासी अधिकारी ने कार्रवाई को असंवैधानिक बताते हुए जिलाधिकारी के समक्ष मामला रखने की बात कही है।
नगर पालिका परिषद द्वारा आईटीआई कॉलेज के बाहर करीब 3500 वर्ग मीटर भूमि पर अवस्थापना निधि से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से मार्केट का निर्माण कराया जा रहा है। मार्केट में भूतल पर 16 और प्रथम तल पर 16 दुकानें बनाई जा रही हैं। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। बताया गया कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने कुछ दिन पहले नगर पालिका परिषद को नोटिस जारी कर निर्माण से संबंधित स्वीकृत नक्शा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
निर्धारित समय में नक्शा जमा नहीं कराया गया। इसके बाद बुधवार रात करीब दस बजे जीडीए की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और निर्माणाधीन मार्केट की सभी 32 दुकानों पर सील लगा दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही नगर पालिका अधिकारियों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार ने जीडीए की कार्रवाई को असंवैधानिक बताया। सील लगाने से पहले पालिका को कोई नोटिस नहीं दिया गया। पूरे प्रकरण को जिलाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा और विधिक कार्रवाई की जाएगी।