अफोर्डेबल हाउस बनाने में बिल्डरों की लेटलतीफी पर जीडीए ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को जीडीए के प्रभारी वीसी रवींद्र गोडबोले ने सभी बिल्डरों की मीटिंग बुलाई और शहर में बनने वाले पांच हजार अफोर्डेबल मकानों की समीक्षा कर समय से सभी का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
दरअसल, इस स्कीम को लेेकर 25 अप्रैल को लखनऊ में सभी प्राधिकरणों की बैठक होने वाली है। इससे पहले जीडीए अधिकरियों ने होमवर्क करना शुरू कर दिया। उन्होंने सभी बिल्डरों से पूछा कि उनके प्रोजेक्ट में बनने वाले सस्ते मकानों का निर्माण कितना प्रतिशत पूरा हो चुका है।
सभी बिल्डरों ने अपने प्रोजेक्ट की जानकारी दी। वहीं, आवास बंधु के निदेशक एसके श्रीवास्तव 25 अप्रैल को लखनऊ में सभी प्राधिकरण के अधिकारियों की मीटिंग लेंगे और अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम की समीक्षा करेंगे।
बैठक में अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम को प्रधानमंत्री आवासीय योजना से लिंक करने, गरीबों को मुफ्त आवास मुहैया कराने और अनाधिकृत कालोनियों को अधिकृत करने की प्लानिंग पर मंथन किया जाएगा।