गाजियाबाद। लोनी में आठ किलोमीटर लंबे बंथला ढिकौली मार्ग के चौड़ीकरण की मंजूरी से शासन ने दे दी है। लंबे समय से इस रोड के चौड़ीकरण की मांग स्थानीय लोग कर रहे थे। इस मार्ग के बनने से आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों का सफर आसान हो जाएगा। चौड़ाई कम होने से इस रोड पर आए दिन लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता था।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राम राजा ने बताया कि शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिवाली से पहले इस रोड के चौड़ीकरण का काम शुरू करा दिया जाएगा। यह रोड मौजूदा समय में 3.75 मीटर चौड़ी है। इसे साढ़े पांच मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। रोड के चौड़ीकरण पर 14 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस रोड के बनने से बागपत जाने वालों के लिए बाईपास का विकल्प मिलेगा। दोनों जिलों को जोड़ने का काम यह सड़क करेगी। अधिशासी अभियंता ने बताया कि पिछले दिनों इसे शासन की कार्ययोजना में शामिल करने के बाद अब शासन से फाइनल मंजूरी का पत्र मिल गया है।
अग्रवाल हाइट्स से भट्ठा नंबर पांच के बीच 700 मीटर सड़क निर्माण की बाधा दूर, शुरू हुआ काम
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में अग्रवाल हाइट्स से भट्ठा नंबर पांच के बीच 700 मीटर के पैच का विवाद समाप्त हो गया है। करीब छह करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण जीडीए ने शुरू करा दिया है। इस रोड के बनने से इसका फायदा राजनगर एक्सटेंशन और हमतुम रोड के लोगों को भी मिलेगा।
जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि पिछले तीन साल से इस पैच का विवाद कोर्ट में था। कोर्ट से स्थगन आदेश निरस्त होने के बाद काम शुरू करा दिया गया है। रिवर हाइट्स चौराहे से अग्रवाल हाइट्स होते हुए यह रोड भट्ठा नंबर पांच की तरफ जा रही है। 1800 मीटर लंबी इस रोड पर 700 मीटर छोड़कर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पिछले दिनों स्थगन आदेश निरस्त होने के बाद इस पैच को भी मुख्य सड़क में शामिल करने के लिए काम शुरू करा दिया गया है। 30 मीटर चौड़ी रोड के साथ डिवाइडर, फुटपाथ और दोनों ओर नालियों को बनाने का कार्य किया जाएगा।