साहिबाबाद। टीएचए में बारिश के बाद जल निकासी न होने के कारण इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा, भोपुरा, शालीमार गार्डन, राजेंद्र नगर और कौशांबी के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया। निचले इलाकों और आवासीय सोसायटियों के कई बेसमेंट में भी पानी पहुंच गया। वहीं, कौशांबी रोडवेज डिपो परिसर में भी जलभराव हो गया। यहां पंप लगाकर पानी बाहर निकाला गया।
टीएचए में बृहस्पतिवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई जगह सड़क और गड्ढों में अंतर नजर नहीं आने से दोपहिया वाहन चालक गिरते दिखखेा। आवासीय सोसायटियों के बेसमेंट में पानी आने से वहां खड़े वाहनों को नुकसान होने की आशंका की भी बात कही गई है। त्योहार के समय हुई बारिश के कारण कौशांबी डिपो पर जलभराव हो गया। इससे सैकड़ों यात्रियों को बस तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, इंदिरापुरम के काला पत्थर रोड अभय खंड शक्ति खंड समेत अन्य इलाकों में जल भराव और कीचड़ के चलते लोग परेशान हुए। त्योहार के चलते इंदिरापुरम वसुंधरा वैशाली समेत अन्य इलाकों के लोग बाजार नहीं पहुंच पाए। देर शाम तक भी सड़कों के किनारे पानी जमा रहने से लोगों को अधिक दिक्कत हुई। इससे कारोबार भी प्रभावित हुआ। जलभराव वाले बाजार में ग्राहक नहीं पहुंच पाए और खरीददारी करने में भी परेशानी हुई। वहीं, व्यापारियों का कहना है कि त्योहार के समय बिक्री बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन जलभराव के कारण कारोबार पर असर पड़ा।
जलकल विभाग महाप्रबंधक केपी आनंद का कहना है कि बारिश के चलते जलभराव से प्रभावित इलाकों में पंपिंग मशीनें लगाई गई हैं, जल्द ही हालात को सामान्य किया जाएगा।