मुरादनगर। सस्ते दाम में प्लॉट दिलाने का सपना दिखाकर 20 से अधिक लोगों से 10 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने किस्तों में भुगतान लेकर प्लॉट दिलाने का भरोसा दिया, लेकिन रकम लेने के बाद न तो प्लॉट दिलाया और न ही रुपये लौटाए।
अब मोबाइल फोन भी बंद हो गया। ठगी का एहसास होने पर सोमवार को पीड़ित थाने पहुंचे और हंगामा कर कार्रवाई की मांग की। कच्ची सराय कॉलोनी के लोगों ने पुलिस को बताया कि नोएडा निवासी एक युवक ने कम कीमत में प्लॉट दिलाने का झांसा दिया था।
उसने कहा था कि एकमुश्त रकम देने की जरूरत नहीं है और किस्तों में भुगतान कर प्लॉट लिया जा सकता है। उसकी बातों पर भरोसा कर कॉलोनी के कई लोगों ने अलग-अलग किस्तों में रुपये दे दिए।
पुलिस के अनुसार, अमीनुद्दीन से 45 हजार, सलमा से 80 हजार, गुलशन से 3.50 लाख, इसलामन से 1.50 लाख, सनजीदा से 50 हजार, समरीन से 60 हजार, अफसाना से 70 हजार, सहरीन से 60 हजार, निशा से 40 हजार, तबस्सुम से 20 हजार, इशरत से एक लाख और तस्नुन से 85 हजार रुपये समेत 20 से अधिक लोगों से 10 लाख रुपये से अधिक रकम ठगने का आरोप लगाया गया है।
सभी पीड़ित थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर रुपये वापस दिलाने और उसकी गिरफ्तारी की मांग की।
एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।