नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि जिले में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम की कूड़ा कलेक्शन गाड़ियों का उपयोग किया जा रहा है। इन गाड़ियों से स्वच्छता अभियान के गानों की जगह अब एसआईआर प्रचार सामग्री चल रही है। इसका मकसद शहर के मोहल्लों और सोसायटियों में रहने वाले लोगों तक सीधे संदेश पहुंचाना है कि वह एसआईआर प्रक्रिया में हिस्सा लें और अपने दस्तावेज समय पर अपडेट करें।
निगम के अधिकारियों के अनुसार कूड़ा कलेक्शन गाड़ियां रोजाना शहर के बड़े हिस्से में जाती हैं जिससे यह माध्यम बेहद प्रभावी साबित हो रहा है। अभियान के दौरान लोगों को यह भी बताया जा रहा है कि एसआईआर प्रक्रिया क्यों जरूरी है और इससे उन्हें क्या लाभ मिल सकता है। वहीं पार्षद भी अपने-अपने इलाके में लोगों को एसआईआर की प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।