वेव सिटी के आदित्य वर्ल्ड सिटी निवासी अरुण कुमार यादव पुत्र पीएन यादव ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाए हैं कि वह 13 नवंबर की सुबह करीब साढ़े 9 बजे महरौली अंडरपास के पास अपनी महिला मित्र से कार में बैठकर बातें कर रहे थे तभी कुछ लोग वहां आए और गाली-गलौज करने लगे, जब उसने कार से उतरकर गाली-गलौज व महिला मित्र के साथ दुर्व्यवहार करने का विरोध किया तो वहां मौजूद लोगों में से एक युवक ने बेहद आक्रामक होकर उस पर हमला कर दिया, उसके बाद वहां 8-10 अज्ञात व्यक्ति आ गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसपर जानलेवा हमला कर दिया तथा महिला मित्र के साथ भी दुर्व्यवहार करना, मारपीट करना व अपमानित करना, उनका सामूहिक उद्देश्य था।
पीड़ित ने 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी, मगर आरोपी तब भी नहीं माने और सार्वजनिक रूप से उन्हें धमकी देकर गाली-गलौज करते रहे। पुलिस के पहुंचने पर कुछ लोग वहां से भाग गए, लेकिन एक युवक वहां रुका रहा, जिसके बाद उसको देखकर उसके कई सहयोगी भी वहां आ गये और उन्होंने कहा कि अगर पुलिस से कोई शिकायत की तो वे उसे जान से मार देंगे। इसके बाद पीड़ित अपना चिकित्सीय उपचार कराने के लिए अस्पताल में गए, उनकी बायीं आंख में गंभीर चोट लगने से खून का थक्का जम गया, जिससे उसको साफ नहीं दिखाई दे रहा था, उसके शरीर में मारपीट से काफी चोटें आईं, जिनके इलाज के लिए वह अभी अस्पताल में भर्ती है।
पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर 12-13 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़ित ने 13 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गाली-गलौज, दुर्व्यवहार व मारपीट तथा जानलेवा हमला करने का आरोप लगाये हैं, एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।