मसूरी/गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के एक गांव में घर से चाउमीन लेने निकली कक्षा सात की 13 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला नाबालिग उसको बहला-फुसलाकर अपने ताऊ के घेर में ले गया। वहां उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान पहुंचे उसके दो दोस्तों ने भी छात्रा के साथ दरिंदगी की।
पुलिस के अनुसार, दो आरोपी नाबालिग हैं। एक 10वीं और दूसरा 12वीं कक्षा में पढ़ता है। तीसरा आरोपी बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि बुधवार शाम करीब पांच बजे छात्रा घर से निकली थी। इसी दौरान पड़ोसी नाबालिग उसे अपने ताऊ के घेर में ले गया। आरोप है कि वहां उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद उसके दो दोस्त भी वहां पहुंच गए और तीनों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
आरोप है कि घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपियों ने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी। घर लौटने के बाद छात्रा ने मां को आपबीती बताई। इसके बाद मां छात्रा को लेकर थाने पहुंची और तीनों के खिलाफ तहरीर दी।
एसीपी ने बताया कि बुधवार देर शाम छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। बृहस्पतिवार को किशोरी के न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए हैं। पुलिस के अनुसार, न्यायालय के बयान का अभी अवलोकन नहीं किया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।