इंदिरापुरम। दोस्त के मोबाइल फोन ले जाने से नाराज नशे में धुत युवक शिप्रा चौकी क्षेत्र में डीएमई के पास नोएडा सेक्टर 62 कट पर बिजली के एक टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। गनीमत रही कि टावर पर बिजली के तार नहीं थे।
इंदिरापुरम एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और औरेया जनपद के ग्राम मोली निवासी अजय कश्यप को समझाकर उतरने की कोशिश की। लेकिन वह नशे में होने के कारण मानने को तैयार नहीं था। आधा घंटे बाद पुलिस ने उसे किसी तरह समझा बुझाकर नीचे उतारा। युवक ने कहा कि उसका दोस्त मोबाइल फोन लेकर चला गया। जब तक उसे मोबाइल नहीं मिलेगा तो वह नीचे नहीं उतरेगा। पुलिस ने उसे मोबाइल दिलवाने का आश्वासन देकर नीचे उतारा। एसीपी ने बताया कि युवक को शांति भंग के आरोपी में गिरफ्तार किया गया है।