साहिबाबाद। संपत्ति खरीदने के नाम पर शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति के साथ 30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भोपुरा निवासी रचित अरोडा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2020 में उन्होंने जेपी एंड कंपनी के पार्टनर जय प्रकाश अग्रवाल और उनकी पत्नी संध्या अग्रवाल से बेहरामपुर में एक फ्लैट खरीदा था। फ्लैट की कीमत 29.96 लाख रुपये बताई गई थी। इसके चलते उन्होंने पूरी रकम देकर फ्लैट की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली। वर्ष 2020 से वह उक्त फ्लैट में रह रहे हैं। कोर्ट से तीन चार लोग उनके फ्लैट पर पहुंचे और बताया कि जयप्रकाश और उनकी पत्नी ने वर्ष 2019 में उक्त फ्लैट का एग्रीमेंट संतोष कुमार जीटीबी एंक्लेव दिल्ली को कर दिया था। मई माह में संतोष ने उक्त फ्लैट की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली थी। पीड़ित का कहना है कि ठगी का पता लगने पर उन्होंने जयप्रकाश और उसकी पत्नी से रुपये वापस मांगे तो उक्त लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से कार्रवाई की गुहार लगाई। एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।