गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र स्थित तीन शातिरों ने सर्राफ मनोज कुमार वर्मा को 450 ग्राम असली सोना बताकर नकली बेच दिया। शातिर सराफ से 10 लाख रुपये के सोने, चांदी के जेवर और 20 लाख रुपये की नकदी ले गए। पीड़ित ने घटना की सीसीटीवी और तीनों शातिरों के खिलाफ तहरीर दी है।
पुराना विजयनगर की मवई रोड स्थित लक्ष्मी ज्वैलर्स के मालिक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि 21 मार्च की दोपहर करीब सवा चार बजे उनके शोरूम पर तीन युवक पहुंचे। इनमें से एक का नाम सुरेश था और उसके दोनों साथियों के नाम की उन्हें जानकारी नहीं है। बताया कि सुरेश ने उन्हें 450 ग्राम सोना सस्ती दरों पर बेचने की बात कही। मनोज वर्मा ने सोना लेकर रख लिया। आरोपी सुरेश कुमार ने सराफा से पूर्व में आर्डर किए गए जेवर देने की बात कही। सराफ ने 99 ग्राम सोने और 939 ग्राम चांदी के जेवर जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है शातिरों को थमा दिए। बताया कि 450 ग्राम सोने की एवज में तीनों शातिरों को उन्होंने 20 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद तीनों शातिर शोरूम से चले गए। बाद में सराफ ने खरीदे गए सोने की जांच की तो वह नकली निकला। पीड़ित सराफ मनोज कुमार वर्मा की तहरीर पर विजयनगर पुलिस ने बीएनएस के अंतर्गत धोखाधड़ी से सम्पत्ति हड़पना की धारा 318(4) और धोखा देकर मूल्यांकन संपत्ति प्राप्त करने की धारा 318(2) में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी रितेष त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित सराफ का तीनों शातिरों में से एक पहचान वाला है, पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज मुहैया कराई है, अन्य दो की भी पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।