यूपीएसईई काउंसलिंग प्रक्रिया 24 जून से शुरू होने जा रही है। एकेटीयू ने गाजियाबाद में दस्तावेज सत्यापन के लिए चार सेंटर बनाए हैं। हापुड़ में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए एक केंद्र बनाया गया है। स्टूडेंट्स घर बैठे या साइबर कैफे में जाकर काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
ऑनलाइन ही वह सीट लॉक करके फीस जमा कराएंगे। केवल दस्तावेज सत्यापन के लिए ही उन्हें सेंटर पर आना होगा। विवि ने इस बार काउंसलिंग रजिस्ट्रेशन फीस बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी है। पहले के शेड्यूल में छात्रों को काउंसलिंग के वक्त 40 हजार रुपये फीस जमा करनी थी।
प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में एडमिशन के लिए स्टूडेंट्स 24 जून से काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल हाेगे। हाईटेक कॉलेज के डायरेक्टर डा. धीरज गुप्ता ने बताया कि काउंसलिंग चार चरणों में होगी।
24 से 29 जून के बीच रजिस्ट्रेशन होंगे, जबकि 25 से 30 जून के बीच स्टूडेंट्स को दस्तावेज सत्यापन कराने के लिए सेंटर पर आना होगा। तीन जुलाई को सीट अलॉट होगी। दस्तावेज सत्यापन के लिए एकेटीयू ने गाजियाबाद में चार सेंटर बनाए हैं।
इनमें आरकेजीआईटी, हाईटेक इंस्टीट्यूट, इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज और केएन मोदी साइंस एंड इंजीनियरिंग कॉलेज हैं। जबकि हापुड़ में लॉर्ड कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन सेंटर बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि जब पहले चरण की काउंसलिंग खत्म होगी तब स्टूडेंट्स के पास तीन ऑप्शन होंगे। पहले ऑप्शन में वह चुने गए कॉलेज में 30 जुलाई तक एडमिशन लेगा। दूसरे ऑप्शन में अगले चरण की काउंसलिंग के लिए शामिल होगा।
तीसरे आप्शन में स्टूडेंट्स काउंसलिंग प्रक्रिया से बाहर हो जाएगा। तब स्टूडेंट्स के रजिस्ट्रेशन के 20 हजार रुपये फीस में से 2 हजार रुपये काट लिए जाएंगे। इसके बाद अगले चरण की काउंसलिंग शुरू होगी।