लोनी। हाजी सलमान के परिवार पर फायरिंग करने वाले आरोपी गिरफ्तार हुए। संवाद
लोनी। जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर हाजी सलमान के परिवार पर फायरिंग और तोड़फोड़ करने के मामले में लोनी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शिवेन अस्पताल के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ करने के बाद युवक पर गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि इस मामले में पुलिस को शिकायत मिली थी। शिकायत में गौरी पट्टी निवासी बुंदू खां के छोटे बेटे शहनवाज की पत्नी परवीन शिवेन अस्पताल में भर्ती थीं। शुक्रवार रात 10:15 बजे बुंदू की पत्नी संजीदा, बेटी और नाती अफजल उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान गौरव अंबावता अपने आठ-दस साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने पहले अस्पताल के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ की और अफजल पर गोली चला दी। जान बचाने के लिए अफजल अस्पताल के अंदर भाग गया। हमलावरों ने पीछा कर अस्पताल में भी फायरिंग की। अफजल ने शौचालय में छिपकर जान बचाई। आरोपियों ने संजीदा और अस्पताल की बुजुर्ग महिला कर्मचारी के साथ भी मारपीट की।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि बुंदू खां हिस्ट्रीशीटर हाजी सलमान के पिता हैं। उनकी शिकायत पर गौरव अंबावता समेत दस आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने जितेंद्र खारी उर्फ जीतू, गौरव अंबावता, गौरव उर्फ राघव और विपिन शर्मा उर्फ आशु को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में जितेंद्र ने शहनवाज और अफजल से विवाद के चलते साथियों के साथ हमला करने की बात कबूल की। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।