साहिबाबाद। साहिबाबाद रेलवे स्टेशन से जीटी रोड तक यात्रियों का सफर जल्द आसान होने वाला है। नगर निगम दोनों मार्गों को जोड़ने वाली करीब 300 मीटर जर्जर सड़क का निर्माण कराएगा। लगभग एक करोड़ से बनने वाली इस सड़क के लिए निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। सड़क बनने से स्टेशन पर आने-जाने वाले करीब 10 हजार यात्रियों के साथ आसपास रहने वाले परिवारों को राहत मिलेगी।
दरअसल, साहिबाबाद रेलवे स्टेशन से जीटी रोड तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में यात्री इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के लिए भी यह प्रमुख रास्ता है। लंबे समय से सड़क की हालत खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और सतह उखड़ने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। वहीं, पैदल स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी संभलकर रास्ता पार करना पड़ता है। एनके चौधरी, मुख्य अभियंता, निर्माण विभाग ने बताया कि इस सड़क और अंदरूनी गलियों की मरम्मत के लिए निगम की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू करा दी है। मरम्मत का कार्य करीब एक करोड़ की लागत से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोड के किनारों में हरित गलियारे को भी विकसित करने की योजना रखी गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़क बनने से रेलवे स्टेशन और जीटी रोड के बीच आवागमन सुगम होगा। साथ ही स्थानीय लोगों को भी रोजाना की परेशानी से निजात मिलने की उम्मीद है।