विजयनगर क्षेत्र में एनएच-9 पर बस ने स्कूटी सवारों को कुचला दिया। स्कूटी बस के नीचे घुस गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
गाजियाबाद में अलग-अलग सड़क हादसों में रविवार को पांच लोगों की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी। एडीसीपी यातायात पीयूष सिंह ने बताया कि विजयनगर क्षेत्र में एनएच-9 पर बस ने स्कूटी सवारों को कुचला दिया। स्कूटी बस के नीचे घुस गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सुशील व आजाद निवासी खोड़ा कॉलोनी के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली नगर निगम में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि न्यू लिंक रोड की तरफ मुड़ने के लिए विपरीत दिशा में आ गए थे।
विज्ञापन
मौके पर परिजन पहुंच गए और पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया
दूसरी ओर डीएमई पर रविवार सवेरे करीब सात बजे सड़क किनारे खड़े दो कैंटर चालकों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की जान चली गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि मेरठ के लावड़ निवासी सुनील कुमार व मेरठ के किठोर स्थित छुछाई गैसूपुर निवासी सचिन कैंटर में ई-रिक्शा लेकर जा रहे थे। मसूरी क्षेत्र में सड़क किनारे कैंटरों को खड़ा करके वह पहिये में हवा आदि चेक कर रहे थे। तभी पीछे से आए कैंटर ने उनको कुचल दिया। दोनों की मौकके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी। आरोपी कैंटर चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
उधर, कविनगर क्षेत्र के महरौली में शनिवार शाम को तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। इसमें दोनों बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दलबीर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि, उनकी पत्नी घायल हो गए। मामले में दलबीर के साले ने सड़क हादसे की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।