गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में हाइवे पर खड़ी कैश वैन की लूट को मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद के पांच बदमाशों ने अंजाम दिया था। दो बदमाश घटनास्थल से करीब 15 किमी दूर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार में एंगल ग्लाइंडर, बोल्ट कटर और हथियारों से लैस खड़े थे।
कैश वैन के पहुंचते ही बदमाशों ने एंगल ग्लाइंडर व बोल्ट कटर से वैन के ताले व जाल को काटा और नकदी से भरा बॉक्स कार में लेकर डीएमई से भोजपुर कट होते हुए चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग की ओर भाग गए। क्राइम ब्रांच की जांच में यह बात सामने आई है। टीम ने पांचों बदमाशों की पहचान कर ली है।
छह मई की दोपहर एक बजे जैसे ही कैश वैन से दो कैशियर एक सुरक्षाकर्मी कृष्णा मार्केट में इंडिया वन के एटीएम को रिफिल करने के लिए दो लाख रुपये लेकर निकले। उसके चार मिनट बाद बदमाशों ने एनएच-नौ पर खड़ी कैश वैन के चालक को गन प्वाइंट पर लेकर नीचे फेंक दिया। फिल्मी स्टाइल में तमंचे से एक फायर किया और कैश वैन लेकर पुलिस को भ्रमित करने के लिए पहले नोएडा की ओर भागे।
करीब 800 मीटर कैश वैन दौड़ाने के बाद बदमाशों ने विजयनगर तिराहे से यू टर्न लिया और वैन डीएमई पर दौड़ा दी। करीब सात-आठ मिनट में वह कुशलिया गांव के सामने डीएमई पर पहुंचे। जहां बलेनो कार में सवार उनके दो साथी एंगल ग्लाइंडर और बोल्ट कटर लेकर मिले।
चार बदमाशों ने कैश वैन के जाल और तालों को काटा और कैश से भरा बॉक्स बलेनो कार में रख लिया। इसके बाद कैश वैन को डीएमई पर ही छोड़ दिया। खुद कार में सवार होकर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस से भोजपुर कट होते हुए चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग की ओर भाग गए।