गाजियाबाद। होली की रात सड़क पर घूम रहे सचिन तोमर को दो युवकों ने रोक लिया और गाली गलौज की। विरोध पर डंडे से मारपीट कर भाग गए। पांच मिनट बाद फिर लौटे और घर जा रहे सचिन तोमर को कार से टक्कर मारी। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के भाई ने दो आरोपियों नीरज चौधरी और नीरज ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
राजनगर एक्सटेंशन स्थित केडब्ल्यू सृष्टि सोसायटी निवासी सचिन तोमर व्यापार करते हैं और शेयर ट्रेडिंग में भी निवेश करते हैं। बताया कि 13 मार्च की रात सचिन तोमर होलिका दहन के बाद अपने दोस्त राजीव मनकोटिया के साथ घर लौट रहे थे। सचिन और उनका दोस्त सोसायटी के गेट पर पहुंचे। जहां पहले से मौजूद सिंभावली निवासी नीरज चौधरी और उसके साथी नीरज ठाकुर ने सचिन को रोक लिया और गाली-गलौज की। सचिन ने विरोध किया तो नीरज अपनी गाड़ी से एक डंडा लाया और हमला कर दिया। दोनों की बीच धक्कामुक्की और मारपीट होने के बाद नीरज अपनी कार में सवार होकर चला गया।
आरोपी है कि करीब पांच मिनट बाद वह फिर लौटा और घर जा रहे सचिन तोमर को कार से टक्कर मार दी। सचिन सड़क पर गिर गए तो कार को पीछे हटाकर कुचलने का प्रयास किया। सोसायटी के सुरक्षाकर्मी और आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी कार सहित मौके से भाग गया। आसपास के लोगों ने घायल सचिन तोमर को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया। कार की टक्कर से सचिन के एक पैर की हड्डी टूट गई और दूसरे में भी काफी चोट आई है। एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया कि घायल के भाई विकास तोमर निवासी पिलखुआ जनपद हापुड़ की तहरीर पर आरोपी नीरज चौधरी और नीरज ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। घटनास्थल की सीसीटीवी ले लिए गए हैं। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।