गाजियाबाद में मामला दर्ज
भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत गाजियाबाद कमिश्नरेट के लिंक रोड थाने में सोमवार को 11 बजकर 50 मिनट पर पहला मुकदमा दर्ज हुआ है। लिंक रोड क्षेत्र के बृज विहार के रहने वाले ट्रेनर साहिल वर्मा ने पुलिस को फोन करके मारपीट और धमकी देने की सूचना दी थी। पुलिस ने वादी की परेशानी को लिखा और मुकदमा दर्ज किया है।
साहिल वर्मा ने बताया कि वह जिम ट्रेनर है। सूर्य नगर में वह एक जिम में जाते हैं। उन्होंने किसी से कुछ रुपये ब्याज पर ले रखे हैं। जिसका वह समय से ब्याज अदा कर रहे थे। आरोपी रवि कुमार सिंह सोमवार सुबह जिम पर आए और उनके साथ मारपीट करते हुए धमकी दी। इनका मुकदमा बीएनएस 2023 की 115(2), 352, 351(2), 351(3) धारा में दर्ज हुआ है। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल का कहना कि मामले में जांच की जा रही है।
दिल्ली के कमला मार्केट में पहली एफआईआर
इससे पहले दिल्ली के कमला मार्केट थाना इलाके में पहला मामला दर्ज हुआ है। जिसमें खुद पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दर्ज मामले के मुताबिक, उप निरीक्षक कार्तिक मीणा ने यह शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि उप निरीक्षक इलाके में गश्त कर रहे थे, तब वह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के फुट ब्रिज के पास डीलक्स शौचालय के नजदीक पहुंचे । यहां पर एक शख्स अपनी रेहड़ी लगाकर आम रास्ते पर पानी, बिड़ी और सिगरेट बेच रहा था। इससे लोगों को वहां से गुजरने में परेशानी हो रही थी।
उप-निरीक्षक ने उसे रेहड़ी हटाने के लिए कहा। लेकिन रेहड़ी मालिक ने अपनी मजबूरी बताई। वहां से नहीं जाने पर पुलिस कर्मी ने रेहड़ी वाले के खिलाफ सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने और आमजन के आने जाने में दिक्कत करने का मामला दर्ज किया है। एफआईआर के मुताबिक, आरोपी की पहचान पंकज कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के बाढ़ इलाके का रहने वाला है।